Categories

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

04/07/2026

बिलासपुर: आधी रात बाथरूम जाने निकली बुजुर्ग महिला को करैत ने डसा, इलाज के दौरान तोड़ा दम

Spread the love



बिलासपुर। जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच जहरीले सांपों का खतरा बढ़ता जा रहा है। इसी बीच ग्राम सेंवार से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां आधी रात घर के आंगन में बने बाथरूम की ओर जा रही 60 वर्षीय महिला को करैत सांप ने डस लिया। अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम सेंवार निवासी राजिम बाई लोनिया (60) बुधवार देर रात करीब 2 बजे घर से बाहर बाथरूम जाने के लिए निकली थीं। बताया जा रहा है कि दरवाजे के पास पहले से एक जहरीला करैत सांप मौजूद था। अचानक सांप को देखकर वह घबरा गईं और पीछे हटने लगीं। इसी दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और वह गिर पड़ीं। मौके का फायदा उठाकर करैत ने उनके हाथ पर डस लिया।

परिजन तत्काल उन्हें उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया। लेकिन करैत के जहर का असर तेजी से फैलने के कारण गुरुवार सुबह उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

बरसात में बढ़ जाता है करैत का खतरा

विशेषज्ञों के अनुसार बारिश के मौसम में करैत सहित अन्य जहरीले सांप अक्सर सूखी और सुरक्षित जगह की तलाश में घरों के आसपास पहुंच जाते हैं। ऐसे में रात के समय बाहर निकलते समय टॉर्च का उपयोग करें, घर के आसपास साफ-सफाई रखें और सांप दिखाई देने पर उसे पकड़ने की कोशिश न करें। किसी भी सर्पदंश की स्थिति में बिना देरी किए मरीज को नजदीकी अस्पताल पहुंचाना ही सबसे सुरक्षित उपाय है।

— आवाम की आवाज़ न्यूज़


Spread the love