खनिज विभाग की ताबड़तोड़ कार्रवाई, खनिज माफियाओं में हड़कंप
4 ट्रैक्टर, 3 टीपर, 1 जेसीबी और 1 हाइवा जब्त
कोरबा, 3 जुलाई 2026।
जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर रोक लगाने के लिए खनिज विभाग द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है। खनिज उड़नदस्ता दल ने भैसामुड़ा, कटबिटला, कुदमुरमाल, सोनपुरी, सीतामढ़ी, बरमपुर, राताखार, पाली, ढुकुपथरा, बाल्को, कसनिया, कटघोरा, उरगा, पताढ़ी सहित कई संदिग्ध स्थानों पर छापेमारी कर सघन जांच की।
जांच के दौरान अवैध रूप से रेत परिवहन कर रहे 4 ट्रैक्टर, 2 टीपर और 1 जेसीबी, लाल ईंट का अवैध परिवहन कर रहे 1 टीपर तथा निम्न श्रेणी चूना पत्थर का अवैध परिवहन कर रहे 1 हाइवा को जब्त किया गया। जब्त वाहनों को थाना पाली, थाना सिविल लाइन रामपुर, थाना हरदीबाजार तथा खनिज जांच नाका उरगा और कटघोरा की अभिरक्षा में रखा गया है।
खनिज विभाग ने बताया कि अभियान का उद्देश्य जिले में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना, प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा करना तथा शासकीय राजस्व की हानि को रोकना है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957, छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम, 2015 तथा अन्य लागू प्रावधानों के तहत सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।













