14/11/2026

महासमुंद: अवैध धान संग्रहण पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, गोदाम से 300 कट्टा धान जब्त

IMG-20261114-WA0020
Spread the love

धान खरीदी शुरू होने से पहले प्रशासन हुआ सक्रिय, संयुक्त टीम ने ग्राम बोदरीदादर में दी दबिश

महासमुंद। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने से पहले जिले में अवैध धान संग्रहण और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्ती तेज कर दी है। इसी कड़ी में 14 नवंबर को राजस्व, मंडी एवं खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने बागबाहरा विकासखंड के ग्राम बोदरीदादर में कार्रवाई करते हुए एक गोदाम से 300 कट्टा धान जब्त किया है।

प्रशासनिक टीम ने यह कार्रवाई भेख लाल चंद्राकर के गोदाम में की। जांच के दौरान वहां अवैध रूप से संग्रहित धान पाए जाने पर उसे जब्त कर आगे की नियमानुसार कार्रवाई के लिए मंडी विभाग को सौंप दिया गया।

यह पूरी कार्रवाई कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देश पर तथा बागबाहरा एसडीएम के मार्गदर्शन में की गई। प्रशासन ने धान के अवैध भंडारण, परिवहन और खरीदी व्यवस्था में गड़बड़ी करने वालों पर नजर रखने के लिए विभागीय टीमों को सक्रिय कर दिया है।

15 नवंबर से शुरू होगी समर्थन मूल्य पर धान खरीदी

जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी 15 नवंबर से प्रारंभ होने जा रही है। खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासन ने जिलेभर में 15 चेकपोस्ट स्थापित किए हैं। वहीं, अवैध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए उड़नदस्ता दलों का भी गठन किया गया है।

इसके अलावा जिले के 202 धान उपार्जन केंद्रों के लिए नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई है, ताकि खरीदी प्रक्रिया पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके।

अनियमितता करने वालों पर होगी कार्रवाई

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धान खरीदी व्यवस्था में किसी भी तरह की गड़बड़ी, अवैध संग्रहण और बिचौलियों की गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में लगातार निगरानी रखते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


Spread the love

You may have missed