बिना पट्टी वाले डबल केजव्हील के 2 ट्रैक्टर फिर जब्त, प्रशासन ने दी सख्त चेतावनी
सारंगढ़-बिलाईगढ़, 11 जुलाई 2026।
सरिया तहसील के ग्राम बोन्दा में प्रशासन ने बिना पट्टी लगे डबल केजव्हील से सड़क पर चल रहे दो ट्रैक्टरों को जब्त कर लिया।
कार्रवाई का उद्देश्य किसानों और ट्रैक्टर मालिकों को सार्वजनिक सड़कों की सुरक्षा के प्रति जागरूक करना बताया गया है।
जब्त किए गए ट्रैक्टरों में बोधराम साव का CG 13 AL 3293 स्वराज ट्रैक्टर तथा तोषराम पटेल का बिना नंबर का सोनालिका ट्रैक्टर शामिल है।
दोनों ट्रैक्टरों को सेवा सहकारी समिति सरिया के प्रबंधक एवं ग्राम बोन्दा के सरपंच की सुपुर्दगी में सीलबंद कर रखा गया है।
इनके विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट एवं अन्य प्रासंगिक प्रावधानों के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने बताया कि पहले ही सचिव, पटवारी और कृषि विभाग के अधिकारियों द्वारा गांव-गांव जाकर किसानों को बिना पट्टी वाले केजव्हील सड़क पर नहीं चलाने की समझाइश दी जा चुकी है।
इसके बावजूद नियमों की अनदेखी करने वालों पर राजस्व, पुलिस और कृषि विभाग की संयुक्त टीम लगातार कार्रवाई कर रही है। सड़कों का प्रतिदिन निरीक्षण भी किया जा रहा है।
प्रभारी जनसंपर्क अधिकारी देवराम यादव ने कहा कि सड़क का निर्माण और संरक्षण केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का दायित्व है।
उन्होंने कहा कि यदि ट्रैक्टर मालिक केजव्हील खरीद सकते हैं तो सड़क को नुकसान से बचाने के लिए उस पर पट्टी भी लगानी चाहिए।
पट्टी लगाने से सड़क सुरक्षित रहेगी और प्रशासनिक कार्रवाई की नौबत भी नहीं आएगी।
उन्होंने लोगों से सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा में सहयोग करने की अपील की।













