Categories

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

04/07/2026

सीपत में खेल मैदान के नाम पर ₹1.30 लाख के भुगतान पर सवाल, बिना काम राशि निकालने का आरोप; सरपंच बोले- स्कूल के सामने कराया था कार्य…

Spread the love


बिलासपुर/सीपत। सीपत क्षेत्र की ग्राम पंचायत दरभांठा में शासकीय राशि के उपयोग को लेकर नया विवाद सामने आया है। पंचायत के सरपंच पर खेल मैदान के निर्माण और समतलीकरण के नाम पर 1 लाख 30 हजार 700 रुपये का भुगतान निकालने, लेकिन मौके पर कोई कार्य नहीं कराने का आरोप लगाया गया है। मामले की शिकायत प्रशासन तक पहुंच चुकी है और निष्पक्ष जांच की मांग उठाई गई है।
शिकायतकर्ता हीरो सोनवानी का आरोप है कि सूचना के अधिकार (RTI) से प्राप्त दस्तावेजों के अनुसार पंचायत की ओर से चेक क्रमांक 107344 के माध्यम से आनंद कुमार राठौर के खाते में ₹1,30,700 का भुगतान किया गया। दावा किया गया कि यह राशि शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दरभांठा के खेल मैदान के निर्माण एवं समतलीकरण के लिए खर्च की गई।
हालांकि शिकायतकर्ता का कहना है कि दस्तावेज मिलने के बाद जब विद्यालय पहुंचकर प्राचार्य, शिक्षकों और विद्यार्थियों से जानकारी ली गई, तो सभी ने मैदान में पंचायत द्वारा किसी प्रकार का कार्य नहीं कराए जाने की बात कही। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि विद्यालय के प्राचार्य ने लिखित रूप से मैदान में कोई निर्माण या समतलीकरण कार्य नहीं होने की पुष्टि की है।
इन्हीं तथ्यों के आधार पर शिकायतकर्ता ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, शासकीय राशि के उपयोग की जांच करने तथा यदि अनियमितता सामने आती है तो संबंधित जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
सरपंच ने आरोपों को बताया भ्रामक
वहीं ग्राम पंचायत दरभांठा के सरपंच एनल धृतलहरे ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि कार्य विद्यालय के खेल मैदान में नहीं, बल्कि स्कूल के सामने स्थित मैदान में कराया गया है। उनका कहना है कि दस्तावेजों में तकनीकी त्रुटि के कारण स्कूल मैदान का उल्लेख हो गया, जबकि वास्तविक कार्य दूसरी जगह हुआ है।
अब इस पूरे मामले में प्रशासनिक जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि भुगतान जिस कार्य के लिए किया गया था, वह वास्तव में हुआ या नहीं, और दस्तावेजों में दर्ज जानकारी तथा जमीनी हकीकत में कितना अंतर है। फिलहाल गांव में इस मामले को लेकर चर्चा तेज है और लोग जांच के परिणाम का इंतजार कर रहे हैं।


Spread the love