11/11/2026

बिन पानी सब सुन, सोयाबीन पर संकट, किसानों की बढ़ी चिंता, बारिश नहीं होने पर हो सकता है आर्थिक संकट …

IMG-20260717-WA0002
Spread the love

आवाम की आवाज / खाचरोद / कमलेश पाटीदार

 

खाचरोद /खाचरोद तहसील मे आसपास के ग्रामीण सहित इस बार मौसम की बेरुखी किसानों के लिए परेशानी का कारण बन गई है। पहले समय पर बारिश नहीं होने से बोवनी का कार्य प्रभावित हुआ। जैसे-तैसे शुरुआती बारिश के बाद किसानों ने सोयाबीन की बोवनी पूरी की, लेकिन अब कई दिनों से बारिश नहीं होने के कारण फसल पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं।

खेतों में बोई गई सोयाबीन की फसल पर्याप्त नमी नहीं मिलने से प्रभावित होने लगी है। कई स्थानों पर अंकुरण कमजोर है, जबकि जहां पौधे निकल आए हैं, वहां भी चाल रुकने लगी है। तेज धूप और लगातार सूखी जमीन के कारण किसानों की चिंता दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही है।

किसानों का कहना है कि इस वर्ष खेती की लागत पहले ही बढ़ चुकी है। बीज, खाद और डीजल पर खर्च करने के बाद यदि समय पर बारिश नहीं हुई तो पूरी मेहनत पर पानी फिर सकता है। किसानों को अब अच्छी बारिश का इंतजार है ताकि फसल को जीवनदान मिल सके।

यदि अगले कुछ दिनों में पर्याप्त वर्षा नहीं हुई तो सोयाबीन की फसल को भारी नुकसान होने की आशंका है। इसका असर उत्पादन के साथ-साथ किसानों की आर्थिक स्थिति पर भी पड़ सकता है। किसान इन दिनों आसमान की ओर टकटकी लगाए अच्छी बारिश की उम्मीद कर रहे हैं।और बारिश को लेकर कयास लगाए जा रहे है


Spread the love

You may have missed