नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी चंद घंटों में गिरफ्तार, लैलूंगा पुलिस की त्वरित कार्रवाई

oplus_10485792
रायगढ़। रायगढ़ पुलिस द्वारा महिला एवं बाल अपराधों पर त्वरित कार्रवाई के लिए चलाए जा रहे ‘अभियान संवेदना’ के तहत लैलूंगा पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म के एक गंभीर मामले में आरोपी को शिकायत दर्ज होने के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, 28 जुलाई को पीड़िता के परिजन ने थाना लैलूंगा में शिकायत दर्ज कराई कि 27 जुलाई की शाम पड़ोस में रहने वाले युवक ने घर में अकेली मौजूद नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना पुलिस ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी और आरोपी की तलाश शुरू कर दी।
सूचना मिली कि आरोपी फरार होने की तैयारी में है। इस पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उसे दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। अदालत ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिला एवं बाल अपराधों के मामलों में रायगढ़ पुलिस की प्राथमिकता त्वरित, संवेदनशील और कानूनसम्मत कार्रवाई करना है। ऐसे मामलों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और पीड़ितों को शीघ्र न्याय दिलाने के लिए हर संभव कानूनी कदम उठाए जाएंगे।
















