31/10/2026

मुर्गा जल्दी देने की बात पर भड़का दुकानदार, युवक पर लोहे के कत्ते से किया हमला; आरोपी गिरफ्तार

IMG-20261030-WA0035
Spread the love

 

तमनार के कठरापाली गांव में मुर्गा खरीदने पहुंचे युवक से विवाद, पैर में आई चोट; पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज

 

रायगढ़, 30 अक्टूबर 2026।जिले के तमनार थाना क्षेत्र के ग्राम कठरापाली में मुर्गा खरीदने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मुर्गा जल्दी देने की बात कहने पर नाराज दुकानदार ने एक युवक के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। इसी दौरान मुर्गा काटने में इस्तेमाल होने वाले लोहे के कत्ते से युवक के बाएं पैर पर वार कर उसे घायल कर दिया। मामले में तमनार पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

 

मुर्गा जल्दी देने की बात पर शुरू हुआ विवाद

 

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम कठरापाली निवासी मुकेश रात्रे (19 वर्ष), पिता बिहारी लाल रात्रे, 23 अक्टूबर 2026 की रात करीब 8 बजे अपने दोस्त मुकेश पैकरा के साथ गांव में स्थित कृष्णा सोनी की मुर्गा दुकान पर मुर्गा खरीदने पहुंचा था। इसी दौरान मुर्गा जल्दी देने की बात कहने पर दुकान में मुर्गा काटने का काम करने वाले अर्जुन सोनी (62 वर्ष), पिता श्रवण सोनी, निवासी कठरापाली, नाराज हो गया।

 

आरोप है कि उसने युवक के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और मारपीट करने लगा। मारपीट के दौरान मुकेश रात्रे जमीन पर गिर गया। इसके बाद आरोपी ने मुर्गा काटने वाले लोहे के कत्ते से उसके बाएं पैर के तलवे पर वार कर चोट पहुंचाई।

 

मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर दर्ज हुआ अपराध

 

घटना के बाद पीड़ित ने 24 अक्टूबर 2026 को थाना तमनार पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने घायल युवक का चिकित्सकीय परीक्षण कराया। मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आरोपी अर्जुन सोनी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 266/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(3), 115(2) एवं 118(1) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।

 

आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा

 

मामले में तमनार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अर्जुन सोनी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

 

मुर्गा खरीदने जैसी सामान्य बात को लेकर हुए विवाद में युवक के घायल होने की इस घटना ने गांव में चर्चा का माहौल बना दिया है। पुलिस मामले में वैधानिक कार्रवाई कर रही है


Spread the love

You may have missed