सारंगढ़-बिलाईगढ़ के 72,922 किसानों की बल्ले-बल्ले! खातों में पहुंचे ₹14.63 करोड़, पीएम किसान की 24वीं किस्त जारी

सारंगढ़-बिलाईगढ़ के 72,922 किसानों के खाते में पहुंचे ₹14.63 करोड़, पीएम किसान की 24वीं किस्त जारी
सारंगढ़-बिलाईगढ़, 30 अक्टूबर 2026। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत जिले के किसानों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। योजना की 24वीं किस्त के रूप में सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के 72,922 किसानों के बैंक खातों में कुल 14 करोड़ 63 लाख रुपये की राशि अंतरित की गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के बनासकांठा में आयोजित कार्यक्रम से देशभर के पात्र किसानों के खातों में सहायता राशि हस्तांतरित की।
इस दौरान देश के 9.34 करोड़ से अधिक किसानों को लगभग 18,680 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई।
किसानों को मिलती है सालाना ₹6,000 की सहायता
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत पात्र किसान परिवारों को प्रतिवर्ष 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। यह राशि तीन समान किस्तों में सीधे किसानों के बैंक खातों में भेजी जाती है। प्रत्येक चार महीने में किसानों को 2,000 रुपये मिलते हैं। इस राशि से किसान खेती के लिए बीज, खाद, कीटनाशक और अन्य जरूरी कृषि सामग्री खरीद सकते हैं।
जिला पंचायत कार्यालय में हुआ कार्यक्रम का सीधा प्रसारण
कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री ऋषिकेश तिवारी के निर्देशानुसार जिला पंचायत कार्यालय के सभाकक्ष में प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय भूषण पांडेय, उपाध्यक्ष श्री अजय जवाहर नायक, कृषि स्थायी समिति की अध्यक्ष श्रीमती अभिलाषा कैलाश नायक, जिला अध्यक्ष श्री ज्योति पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। उप संचालक कृषि श्री आशुतोष श्रीवास्तव समेत कृषि विभाग और अन्य विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों ने भी प्रधानमंत्री का संबोधन सुना।
मंडी कार्यालय में 100 से अधिक किसानों की सहभागिता
किसानों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए मंडी परिसर स्थित मंडी कार्यालय के सभाकक्ष में भी कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें 100 से अधिक किसान एवं जनप्रतिनिधि शामिल हुए।
पूर्व विधायक सुश्री कामदा जोल्हे, मंडल महामंत्री श्री शिवम चंद्रा और अनुसूचित जाति मोर्चा के श्री देवेंद्र रात्रे सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा। इस दौरान किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त और किसान हित में संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई।
कृषि क्षेत्र को मजबूत करने की दिशा में पहल
गुजरात के बनासकांठा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कृषि अवसंरचना कोष के अंतर्गत विकसित 521 इकाइयों को राष्ट्र को समर्पित किया गया। साथ ही 12 हॉर्टिकल्चर क्लस्टर का शुभारंभ भी किया गया।
जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों और प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए।
पीएम किसान सम्मान निधि की इस किस्त से जिले के हजारों किसानों को आर्थिक सहायता मिली है। इससे किसानों को खेती से जुड़ी आवश्यकताओं को पूरा करने में मदद मिलेगी।

















