बरेली में महंत सें दबंगों ने की अभद्रता: जबरन कार में डालने का प्रयास, पुलिस जांच में जुटी…
सत्यम गौड़। फरीदपुर
बरेली के भुता थाना क्षेत्र के खजुरिया संपत गांव स्थित मढ़ी पर मंगलवार रात एक घटना सामने आई। मिट्टी खनन में लगे डंपर को धीमी गति से चलाने की सलाह देना मढ़ी के महंत को भारी पड़ गया। आरोप है कि डंपर मालिक ने अपने साथियों के साथ देर रात मढ़ी पर पहुंचकर महंत के साथ अभद्रता की और उन्हें जबरन कार में डालने का प्रयास किया।
पीड़ित महंत योगी सरोज नाथ ने बताया कि मंगलवार रात करीब आठ बजे वे मढ़ी के पास टहल रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे मिट्टी से भरे एक डंपर की चपेट में आने से गोवंश बाल-बाल बचा। इस पर महंत ने चालक को डंपर धीमी गति से चलाने और गोवंश की सुरक्षा का ध्यान रखने की हिदायत दी।
आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर डंपर मालिक अलीगढ़ का निवासी है, रात लगभग दस बजे अपने साथियों के साथ मढ़ी पर पहुंचा। उसने महंत के कमरे का दरवाजा पीटा और गाली-गलौज शुरू कर दी। बाहर आते ही उसने महंत को जबरन अपनी कार में डालने का प्रयास किया।
शोर-शराबा सुनकर महंत के सेवक उमेश की नींद खुल गई। उमेश के विरोध करने और शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके की ओर दौड़ पड़े। ग्रामीणों को आता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए।
पीड़ित महंत का कहना है कि आरोपी दबंग प्रवृत्ति के लोग हैं, जिससे उन्हें अपनी जान का खतरा बना हुआ है। उन्होंने इस मामले की तहरीर पुलिस को सौंप दी है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक रविंद्र कुमार ने बताया कि तहरीर प्राप्त हो गई है और मामले की जांच की जा रही है। तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।




