अवैध खनन डंपर की टक्कर से चालक की मौत: बरेली के भुता-फरीदपुर मार्ग पर हुआ हादसा, ग्रामीणों में आक्रोश…
सत्यम गौड़। फरीदपुर
भुता-फरीदपुर मार्ग पर रविवार सुबह करीब 9 बजे अवैध खनन में लगे एक तेज रफ्तार डंपर ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि ट्रैक्टर सड़क किनारे खाई में जा गिरा और चालक अपने ही वाहन के नीचे दब गया। मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई।
टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे। ग्रामीणों ने ट्रैक्टर के नीचे दबे चालक को बाहर निकालने का प्रयास किया और तुरंत पुलिस को सूचना दी। लेकिन तब तक चालक की सांसें थम चुकी थीं।
मृतक की पहचान कुंवर पाल उर्फ तोताराम (34) पुत्र ओमपाल, निवासी ग्राम दलपुरा, थाना भुता, जिला बरेली के रूप में हुई है। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने बताया कि कुंवर पाल एक ईंट भट्टे पर ट्रैक्टर चालक के रूप में काम करता था।
पुलिस ने डंपर कब्जे में लिया
सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर शव का पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अपराध निरीक्षक योगेंद्र कुमार ने बताया कि ट्रैक्टर चालक भुता से फरीदपुर की ओर जा रहा था।
अवैध खनन पर ग्रामीणों का आक्रोश
ग्रामीणों का आरोप है कि इस मार्ग पर अवैध खनन में लगे डंपर और ट्रैक्टर-ट्रॉलियां आए दिन हादसों का कारण बन रही हैं। कुछ दिन पहले भी अवैध खनन में लिप्त वाहन से कुचलकर एक मां और उसकी बच्ची की मौत हो चुकी है।
प्रदर्शन कर की सख्त कार्रवाई की मांग
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने मौके पर प्रदर्शन किया और पुलिस-प्रशासन से अवैध खनन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो ऐसे हादसे लगातार होते रहेंगे।


