खरसिया बस स्टैंड चाकूबाजी मामले में फरार आरोपी गिरफ्तार, हत्या के प्रयास के आरोप में भेजा गया जेल

रायगढ़। खरसिया बस स्टैंड के पास युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में खरसिया पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने घटना के बाद से फरार चल रहे आरोपी फहीम अख्तर (23 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। वहीं, मामले का दूसरा आरोपी फैज खान अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 30 अक्टूबर 2026 की दोपहर करीब 3 बजे नया बस स्टैंड खरसिया के पास की है। यहां ईशान पेशवानी और फैज खान व फहीम अख्तर के बीच गाली-गलौज और विवाद हो रहा था। इसकी जानकारी मिलने पर अजय राजपूत (25 वर्ष) मौके पर पहुंचा और विवाद शांत कराने का प्रयास करने लगा।
इसी दौरान पूर्व रंजिश को लेकर फैज खान और फहीम अख्तर ने अजय के साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। जान बचाकर भागने की कोशिश कर रहे अजय का दोनों आरोपियों ने पीछा किया। फहीम अख्तर ने उसे पकड़ लिया, जबकि फैज खान ने धारदार चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल को पहले शासकीय अस्पताल खरसिया ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने बेहतर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज रायगढ़ रेफर कर दिया।
मामले में ममता ठाकुर की रिपोर्ट पर खरसिया पुलिस ने अपराध क्रमांक 569/2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की थी। घटना के बाद से ही दोनों आरोपी फरार थे और पुलिस उनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी।
इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि फहीम अख्तर खरसिया में देखा गया है। चौकी प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर उसे हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपी ने फैज खान के साथ मिलकर अजय राजपूत से मारपीट करने की बात स्वीकार की। आरोपी ने बताया कि घटना के बाद दोनों बिलासपुर से नागपुर चले गए थे। नागपुर से रायगढ़ लौटने के बाद वह खरसिया स्थित अपने घर जाने की फिराक में था, तभी पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी फहीम अख्तर पिता शकील अख्तर, उम्र 23 वर्ष, निवासी हनुमान चौक खरसिया को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। वहीं, फरार आरोपी फैज खान की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तलाश जारी है।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी, सहायक उप निरीक्षक मनोज पटेल, प्रधान आरक्षक अनंत तिवारी, आरक्षक साविल चंद्रा एवं आरक्षक सिदार सिंह की अहम भूमिका रही।
स्रोत: रायगढ़ पुलिस प्रेस विज्ञप्ति, दिनांक 10 नवंबर 2026।




















