06/11/2026

रायगढ़ में 4.110 किलो गांजा के साथ दो आरोपी गिरफ्तार, भूपदेवपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

IMG-20261106-WA0007
Spread the love

 

रायगढ़। जिले में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत भूपदेवपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 4.110 किलोग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 60 हजार रुपये बताई गई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

 

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी

 

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान भूपदेवपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति प्लास्टिक की बोरी में गांजा लेकर ग्राम बिंजकोट से ग्राम दर्रामुड़ा की ओर पैदल जा रहा है।

 

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक रोशन कुमार कौशिक एवं प्रशिक्षु उप निरीक्षक प्रवीण कुमार बांधव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम बिंजकोट मेन रोड के पास घेराबंदी की। इस दौरान संदेही धनेश्वर कुम्हार (62 वर्ष), निवासी बिंजकोट कुम्हारडीपा को पकड़ा गया।

 

बोरी से मिले गांजे के चार पैकेट

 

पुलिस ने विधिवत तलाशी ली तो आरोपी के पास रखी प्लास्टिक बोरी से खाकी टेप में लिपटे गांजे के चार पैकेट बरामद हुए। तौल कराने पर गांजे का कुल वजन 4.110 किलोग्राम पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 60 हजार रुपये बताई गई है। पूछताछ में आरोपी ने गांजा बिक्री के उद्देश्य से रखने की बात स्वीकार की।

 

पूछताछ में सामने आया दूसरे आरोपी का नाम

 

मामले की विवेचना के दौरान धनेश्वर कुम्हार से पूछताछ में ग्राम दर्रामुड़ा निवासी ठाकुर प्रसाद पटेल (39 वर्ष), पिता राम प्रसाद पटेल की गांजे की खरीदी-बिक्री में संलिप्तता सामने आई। इसके बाद पुलिस ने उसे भी हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अपराध स्वीकार किया। उसके कब्जे से गांजा बिक्री की रकम 500 रुपये भी बरामद कर जब्त की गई।

 

एनडीपीएस एक्ट के तहत दोनों आरोपी जेल भेजे गए

 

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना भूपदेवपुर में अपराध क्रमांक 141/2026, धारा 20(बी) एवं 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया। इसके बाद दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

 

एसएसपी के निर्देश पर जारी है कार्रवाई

 

यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन, एडिशनल एसपी श्री अनिल सोनी के निर्देश तथा एसडीओपी खरसिया श्री सतीश भार्गव एवं डीएसपी श्री उत्तम प्रताप सिंह के मार्गदर्शन में की गई। पुलिस गांजा के अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भी पतासाजी कर रही है।

 

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रोशन कुमार कौशिक, प्रशिक्षु उप निरीक्षक प्रवीण कुमार बांधव, प्रधान आरक्षक संजय तिर्की तथा आरक्षक संदीप मिश्रा, अशोक चौहान, बोधराम सिदार, प्रदीप तिवारी, संतोष जायसवाल एवं हेतराम सिदार की अहम भूमिका रही।

 

एसएसपी का सख्त संदेश

 

एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया है कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों को बख्शा नहीं जाएगा। नशे के नेटवर्क से जुड़े आरोपियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


Spread the love

You may have missed