झाड़-फूंक से शादी और बीमारी ठीक करने का झांसा देकर महिला से दुष्कर्म, महिला सहयोगी समेत दो गिरफ्तार

रायगढ़। झाड़-फूंक और पूजा-पाठ के जरिए शादी में आ रही बाधाएं दूर करने तथा बीमारी ठीक करने का झांसा देकर महिला का शारीरिक शोषण करने और उससे करीब 6 लाख रुपये वसूलने का गंभीर मामला सामने आया है। मामले में घरघोड़ा पुलिस ने मुख्य आरोपी चंद्र कुमार जायसवाल और उसकी महिला सहयोगी गायत्री मानिकपुरी उर्फ गायत्री महंत को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता 40 वर्षीय अविवाहित महिला लैलूंगा क्षेत्र की निवासी है। मार्च 2026 में एक परिचित महिला के माध्यम से उसकी मुलाकात चंद्र कुमार जायसवाल से हुई थी। आरोपी ने हाथ देखकर भविष्य बताने, झाड़-फूंक और पूजा-पाठ से बीमारी ठीक करने तथा विवाह में आ रही बाधाएं दूर करने का दावा किया था। इसके बाद दोनों के बीच मोबाइल और व्हाट्सएप पर बातचीत होने लगी।
पूजा-पाठ के बहाने बुलाकर वारदात को दिया अंजाम
आरोप है कि 8 मार्च 2026 को चंद्र कुमार ने इलाज और पूजा-पाठ के बहाने महिला को घरघोड़ा स्थित अपने किराये के मकान में बुलाया। वहां गायत्री मानिकपुरी पहले से मौजूद थी। पूजा-पाठ के दौरान चंद्र कुमार ने अभिमंत्रित जल बताकर महिला को पानी पिलाया, जिसमें कथित तौर पर नींद की दवा मिली हुई थी। पानी पीने के बाद महिला बेहोश हो गई। पीड़िता के आरोप के मुताबिक, इसी दौरान चंद्र कुमार ने उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाया।
पूजा और बिजनेस के नाम पर करीब 6 लाख रुपये वसूले
पीड़िता ने आरोप लगाया कि दोनों आरोपियों ने पूजा-पाठ और हवन के नाम पर पहले 4 हजार और फिर 12 हजार रुपये लिए। इसके बाद बिजनेस वेस्टिज कंपनी में काम दिलाने का झांसा देकर अलग-अलग बहानों से उससे करीब 6 लाख रुपये वसूल लिए। पुलिस में शिकायत करने की बात कहने पर उसे डराने-धमकाने का भी आरोप है।
साजिश में महिला सहयोगी की भूमिका भी आई सामने
पीड़िता की शिकायत पर 5 नवंबर 2026 को रायगढ़ कोतवाली में आवेदन दिया गया था। घटना घरघोड़ा थाना क्षेत्र की होने के कारण मामला घरघोड़ा पुलिस को सौंपा गया। पुलिस ने अपराध क्रमांक 334/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 64, 61(2), 49, 123 एवं 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की।
पुलिस की पूछताछ और जांच में दोनों आरोपियों की कथित साजिश सामने आई। पुलिस के अनुसार, चंद्र कुमार और गायत्री ने मिलकर महिला को पूजा-पाठ के बहाने बुलाने तथा उसे नशीला पदार्थ मिलाकर पानी पिलाने की योजना बनाई थी। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर दोनों को गिरफ्तार कर 8 नवंबर को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन और एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के सुपरविजन में घरघोड़ा थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू, सहायक उप निरीक्षक खेमराज पटेल एवं पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी की अपील: रायगढ़ पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अंधविश्वास और झाड़-फूंक के नाम पर किसी अनजान व्यक्ति के झांसे में न आएं। किसी भी प्रकार के शोषण या अपराध की सूचना तत्काल पुलिस को दें।



















