07/11/2026

रायगढ़: दहेज प्रताड़ना से तंग नवविवाहिता ने लगाई फांसी, पति और सास-ससुर गिरफ्तार

IMG-20261107-WA0018
Spread the love

 

भूपदेवपुर पुलिस ने ‘अभियान संवेदना’ के तहत की कार्रवाई, मोटरसाइकिल और कार खरीदने के लिए मांगे जा रहे थे दो लाख रुपये

 

रायगढ़, 7 नवंबर 2026। रायगढ़ जिले में दहेज प्रताड़ना का एक गंभीर मामला सामने आया है। भूपदेवपुर थाना क्षेत्र के ग्राम जैमुड़ा में दहेज की मांग और लगातार शारीरिक एवं मानसिक प्रताड़ना से परेशान एक नवविवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मामले की जांच के बाद पुलिस ने मृतिका के पति, सास और ससुर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

 

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतिका नीता पटेल (34 वर्ष) का विवाह करीब तीन वर्ष पूर्व ग्राम जैमुड़ा निवासी राकेश पटेल के साथ सामाजिक रीति-रिवाज से हुआ था। आरोप है कि शादी के करीब एक वर्ष बाद से ही पति राकेश पटेल, सास शांति बाई पटेल और ससुर बंधुराम पटेल कम दहेज लाने तथा मोटरसाइकिल नहीं लाने की बात कहकर उसे प्रताड़ित करने लगे थे।

 

इतना ही नहीं, करीब चार-पांच माह पूर्व आरोपियों द्वारा कार खरीदने के लिए दो लाख रुपये की मांग भी की गई थी। इस बात को लेकर मृतिका के साथ विवाद और मारपीट किए जाने का आरोप है।

 

लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर 19 अक्टूबर 2026 को नीता पटेल ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पंचनामा कार्रवाई की गई और शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण फांसी लगना बताया गया।

 

मर्ग जांच के दौरान मायके पक्ष के परिजनों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर दहेज प्रताड़ना की बात सामने आई। इसके बाद भूपदेवपुर पुलिस ने 4 नवंबर 2026 को अपराध क्रमांक 140/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 80 एवं 3(5) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।

 

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीओपी खरसिया सतीश भार्गव के नेतृत्व में आगे की कार्रवाई की गई। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने 7 नवंबर को तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर रिमांड पर भेज दिया।

 

गिरफ्तार आरोपी:

 

1. राकेश पटेल (34 वर्ष), पति।

2. बंधुराम पटेल (56 वर्ष), ससुर।

3. शांति बाई पटेल (52 वर्ष), सास।

 

तीनों आरोपी ग्राम जैमुड़ा, थाना भूपदेवपुर, जिला रायगढ़ के निवासी हैं।

 

इस कार्रवाई में एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन एवं एडिशनल एसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन में एसडीओपी सतीश भार्गव, थाना प्रभारी निरीक्षक रोशन कौशिक, प्रशिक्षु उप निरीक्षक प्रवीण कुमार बांधव एवं पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

 

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं के विरुद्ध अपराध और दहेज प्रताड़ना के मामलों में रायगढ़ पुलिस संवेदनशीलता एवं गंभीरता से कार्रवाई कर रही है। महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


Spread the love

You may have missed