Categories

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

22/07/2026

बसना से लौट रहे थे गांजे की खेप लेकर, बिलाईगढ़ पुलिस ने रास्ते में बिछाया जाल; 7.610 किलो गांजा के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार….

Spread the love

 

बिलाईगढ़ | 22 जुलाई। नशे के कारोबार पर लगातार शिकंजा कस रही बिलाईगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। मुखबिर से मिली सूचना पर पुलिस ने पवनी मोड़ के पास घेराबंदी कर एक संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोक लिया। तलाशी के दौरान वाहन से 7.610 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। कार्रवाई के दौरान दो आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया गया, जबकि पूछताछ में मिले इनपुट के आधार पर इस तस्करी से जुड़े तीसरे आरोपी को भी दबोच लिया गया।

 

पुलिस के अनुसार, तस्कर बसना की ओर से गांजे की खेप लेकर गिधौरी की तरफ बढ़ रहे थे। सूचना मिलते ही टीम ने रणनीति बनाकर रास्ते में नाकेबंदी की। जैसे ही संदिग्ध बाइक पहुंची, उसे रोककर वैधानिक प्रक्रिया के तहत तलाशी ली गई। जांच में भारी मात्रा में गांजा बरामद होने पर बाइक को भी जब्त कर लिया गया।

 

पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने खुलासा किया कि इस पूरे नेटवर्क में एक अन्य व्यक्ति की भी भूमिका है, जिसने उन्हें गांजा लाने के लिए भेजा था। पुलिस ने बिना देर किए अलग टीम रवाना की और तीसरे आरोपी को भी हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।

 

तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि गांजे की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।

 

बिलाईगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।


Spread the love