रायगढ़ पुलिस का ऑपरेशन क्लीन हंट! 24 टन कोयला बेचकर बिहार में छिपा आरोपी गिरफ्तार, 10 लाख का ट्रक जब्त।

Oplus_131072
24.620 मीट्रिक टन कोयला बेचकर हुआ था फरार, घरघोड़ा पुलिस ने रोहतास में दबिश देकर आरोपी को पकड़ा
रायगढ़। रायगढ़ पुलिस द्वारा फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान ‘ऑपरेशन क्लीन हंट’ के तहत घरघोड़ा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कोयला परिवहन के दौरान 24.620 मीट्रिक टन कोयले की हेराफेरी कर उसे अन्यत्र बेचने वाले आरोपी को पुलिस ने बिहार के रोहतास जिले से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल करीब 10 लाख रुपये कीमत का ट्रक भी जब्त किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जनवरी 2026 में जामपाली कोयला खदान से अकलतरा स्थित आरसमेटा प्लांट तक कोयला परिवहन के लिए ट्रक क्रमांक CG-12-S-4455 के चालक लल्लन प्रसाद से 700 रुपये प्रति टन की दर से सौदा तय हुआ था। इसके बाद ट्रक में 24.620 मीट्रिक टन जी-10 ग्रेड का कोयला लोड कर अकलतरा के लिए रवाना किया गया, लेकिन वाहन निर्धारित गंतव्य तक नहीं पहुंचा।
काफी इंतजार के बाद चालक से संपर्क किया गया तो उसने करीब 10 दिन बाद फोन उठाकर कोयला दूसरी जगह बेच देने की बात स्वीकार की और शिकायत करने पर धमकी भी दी। इसके बाद प्रार्थी विवेक पाण्डेय की रिपोर्ट पर थाना घरघोड़ा में अपराध क्रमांक 156/2026 के तहत धोखाधड़ी एवं अमानत में खयानत का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस को आरोपी के बिहार के रोहतास जिले में छिपे होने की जानकारी मिली। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर एएसआई खेमराज पटेल के नेतृत्व में पुलिस टीम बिहार रवाना हुई। टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी ललन कुमार पासवान (57 वर्ष), निवासी अमरथा, थाना काराकाट, जिला रोहतास (बिहार) को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने हड़पे गए कोयले को थोड़ी-थोड़ी मात्रा में ईंट भट्ठा संचालकों को बेचना स्वीकार किया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त करीब 10 लाख रुपये कीमत का ट्रक भी जब्त कर लिया। आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर रायगढ़ लाने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है।
इस कार्रवाई में एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन, एडिशनल एसपी अनिल कुमार सोनी के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक कुमार गौरव साहू, एएसआई खेमराज पटेल, आरक्षक उधोराम पटेल और मनोज जोल्हे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी का सख्त संदेश: एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि आर्थिक अपराध, धोखाधड़ी और अमानत में खयानत करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। दूसरे राज्यों में छिपने वाले आरोपियों की भी रायगढ़ पुलिस लगातार पतासाजी कर उनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करेगी।

















