तालाब में समा गई जिंदगी: शाम को नहाने गए बुजुर्ग की दर्दनाक मौत, गांव में पसरा मातम…
रायगढ़। जिले के छाल थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कुड़ेकेला में शनिवार शाम एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया। दिनभर मेहनत-मजदूरी करने के बाद तालाब में नहाने गए एक बुजुर्ग की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, कुड़ेकेला निवासी रोहित सिदार (65 वर्ष) शनिवार को अपने साथियों के साथ एक मकान में छत पर शीट लगाने का काम करने गए थे। दिनभर काम करने के बाद शाम को वह अकेले गांव के तालाब की ओर नहाने के लिए निकल गए। बताया जा रहा है कि नहाते समय उनका संतुलन बिगड़ गया और वह तालाब के गहरे हिस्से में चले गए, जहां से बाहर नहीं निकल सके।
इधर देर शाम तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों और ग्रामीणों को चिंता हुई। खोजबीन शुरू की गई तो तालाब के आसपास उनके होने के संकेत मिले। आशंका के बीच तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही छाल पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की सहायता से तालाब में तलाश अभियान चलाया गया। काफी मशक्कत के बाद बुजुर्ग का शव पानी से बाहर निकाला गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में डूबने से मौत की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
गांव वालों के मुताबिक रोहित सिदार मेहनती और मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे। उनकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। एक सामान्य सी शाम देखते ही देखते दर्दनाक हादसे में बदल गई, जिसने पूरे गांव को गमगीन कर दिया।













