शादी का झांसा देकर महिला का शारीरिक शोषण करने का आरोप, फरार आरोपी गिरफ्तार! रायगढ़ महिला थाना पुलिस की कार्रवाई।

रायगढ़। शादी का झांसा देकर महिला का शारीरिक शोषण करने और बाद में शादी से मुकरने के मामले में फरार चल रहे आरोपी को रायगढ़ महिला थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को जूटमिल थाना क्षेत्र के ग्राम भाठनपाली में दबिश देकर पकड़ा और न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 33 वर्षीय महिला ने 3 नवंबर 2026 को महिला थाना रायगढ़ में ग्राम भाठनपाली निवासी प्रवीण कुमार प्रधान के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। महिला का आरोप है कि वर्ष 2024 में आरोपी से उसकी जान-पहचान हुई थी। इसके बाद आरोपी ने शादी का भरोसा दिलाकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और लगातार शादी का आश्वासन देता रहा।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि 18 जनवरी 2026 को आरोपी उसके घर पहुंचा और जबरन शारीरिक संबंध बनाया। इसके बाद आरोपी ने शादी करने से इनकार कर दिया और धमकी भी दी।
महिला की शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 98/2026 के तहत बीएनएस की धारा 351(3) एवं 69 के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। अपराध दर्ज होने के बाद से आरोपी फरार चल रहा था।
एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन, एडिशनल एसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन एवं डीएसपी उन्नति ठाकुर के पर्यवेक्षण में महिला थाना पुलिस लगातार आरोपी की तलाश कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना पर पुलिस टीम ने ग्राम भाठनपाली में दबिश देकर आरोपी प्रवीण कुमार प्रधान (33 वर्ष), पिता दिनदयाल प्रधान को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त, एएसआई सरस्वती महापात्रे, प्रधान आरक्षक राजेश उरांव एवं संदीप भगत की अहम भूमिका रही।
ब्यूरो रिपोर्ट – रायगढ़, छत्तीसगढ़।



















