ऑपरेशन आघात: अवैध महुआ शराब बेचते महिला समेत 2 गिरफ्तार…

बंगुरसिया में दो ठिकानों पर चक्रधरनगर पुलिस की कार्रवाई, 14 लीटर महुआ शराब जब्त
रायगढ़, 5 नवंबर 2026। जिले में अवैध शराब और नशीले पदार्थों के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए रायगढ़ पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन आघात” के तहत चक्रधरनगर पुलिस ने ग्राम बंगुरसिया में अवैध महुआ शराब बिक्री के दो अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी कर महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से बिक्री के लिए छिपाकर रखी गई कुल 14 लीटर महुआ शराब, जिसकी अनुमानित कीमत 2,800 रुपये बताई गई है, जब्त की है। आरोपियों के विरुद्ध आबकारी एक्ट की धारा 34(2), 59(क) के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
लकड़ी के नीचे छिपाकर रखी थी 8 लीटर शराब
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 4 नवंबर 2026 को चक्रधरनगर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम बंगुरसिया में अवैध महुआ शराब की बिक्री की जा रही है। सूचना पर प्रशिक्षु उप निरीक्षक मनीषा धुर्वे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इंदिरा आवास पारा निवासी संतोष कुमार विश्वकर्मा (34 वर्ष), पिता निर्मल विश्वकर्मा, के घर के पीछे बाड़ी में दबिश दी।
तलाशी के दौरान लकड़ी के नीचे छिपाकर रखी गई दो-दो लीटर क्षमता की चार कोल्ड ड्रिंक बोतलों में कुल 8 लीटर महुआ शराब बरामद हुई। जब्त शराब की कीमत करीब 1,600 रुपये आंकी गई है। पुलिस ने शराब जब्त कर आरोपी के विरुद्ध आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की।
महिला के घर से मिली 6 लीटर महुआ शराब
इसी क्रम में पुलिस टीम ने ग्राम बंगुरसिया निवासी गुरबारी साहू (58 वर्ष) के घर पर भी छापेमारी की। तलाशी के दौरान घर के आंगन में दीवार के किनारे बोरी से ढककर रखी गई 6 लीटर महुआ शराब बरामद हुई। इसकी अनुमानित कीमत 1,200 रुपये बताई गई है। पुलिस ने शराब जब्त कर महिला आरोपी के विरुद्ध भी आबकारी एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की।
इन पुलिसकर्मियों की रही महत्वपूर्ण भूमिका
उक्त दोनों कार्रवाइयों में प्रशिक्षु उप निरीक्षक मनीषा धुर्वे, हर्ष चन्द्राकर, सहायक उप निरीक्षक आशिक रात्रे, प्रधान आरक्षक दिलीप कुमार भानु, जेनिपा पन्ना तथा आरक्षक विक्रम कुजूर एवं चन्द्रकुमार बंजारे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
अवैध शराब कारोबारियों पर जारी रहेगी कार्रवाई
रायगढ़ पुलिस द्वारा “ऑपरेशन आघात” के तहत अवैध शराब एवं अन्य नशीले पदार्थों के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।





















