21/11/2026

सक्ती में मानवता शर्मसार: महिला को दो दिन तक बंधक बनाकर सामूहिक दुष्कर्म का आरोप, 4 घंटे में दोनों आरोपी गिरफ्तार…

20260706_044008
Spread the love



सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले से इंसानियत को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। जैजैपुर थाना क्षेत्र में एक महिला ने आरोप लगाया है कि उसे जबरन बंधक बनाकर दो दिनों तक उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। शिकायत मिलते ही पुलिस ने तेजी दिखाते हुए मामला दर्ज होने के महज चार घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने बताया कि वह भीख मांगकर अपना जीवनयापन करती है। आरोप है कि 29 जून को घर लौटते समय दो लोगों ने उसे जबरन पकड़कर एक मकान में ले जाकर बंधक बना लिया। महिला का कहना है कि आरोपियों ने उसे जबरन महुआ शराब पिलाई, जिससे वह अचेत हो गई। इसके बाद उसकी इच्छा के विरुद्ध उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया गया। पीड़िता का आरोप है कि उसे अगले दिन शाम तक बंधक बनाकर रखा गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम बनाई गई। पुलिस ने आरोपियों राजकुमार कंवर उर्फ कोंदा और छतराम कंवर उर्फ टुकुलाल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर त्वरित कार्रवाई की।

दोनों आरोपियों को पूछताछ के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत विवेचना जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

> नोट: यह मामला पुलिस में दर्ज शिकायत पर आधारित है। आरोपों की अंतिम पुष्टि न्यायालय में सुनवाई और कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही होगी।


Spread the love

You may have missed