ओडिशा से यूपी जा रही थी करोड़ों की गांजे की खेप, बस्तर पुलिस ने बीच रास्ते दबोचा तस्कर… एक फरार…
जगदलपुर। बस्तर पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार पर अब तक की बड़ी कार्रवाइयों में से एक को अंजाम देते हुए करोड़ों रुपये की गांजे की खेप पकड़ ली है। नगरनार थाना क्षेत्र में की गई इस कार्रवाई में 214.300 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत 1.07 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। पुलिस ने उत्तर प्रदेश के एक तस्कर को गिरफ्तार किया है, जबकि उसका साथी अंधेरे और बारिश का फायदा उठाकर फरार हो गया।
जानकारी के मुताबिक, धनपुंजी फॉरेस्ट नाके पर पुलिस की नियमित जांच के दौरान एक संदिग्ध महिंद्रा बोलेरो पिकअप को रोककर तलाशी ली गई। वाहन की जांच में पुलिस के होश उड़ गए, जब उसमें भारी मात्रा में गांजा छिपाकर रखा मिला। पुलिस ने मौके से गांजे के अलावा तस्करी में इस्तेमाल किया गया वाहन, मोबाइल फोन और नकदी भी जब्त कर ली।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि यह खेप ओडिशा से उत्तर प्रदेश पहुंचाई जा रही थी। गिरफ्तार आरोपी की पहचान विजय पाण्डेय, निवासी गोरखपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। वहीं उसका एक साथी पुलिस को चकमा देकर जंगल की ओर भाग निकला, जिसकी तलाश में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस तस्करी के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं, गांजा कहां से लाया गया और इसे किन राज्यों तक पहुंचाया जाना था। पूरे नेटवर्क और सप्लाई चेन की गहन जांच की जा रही है।
बस्तर पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा। इस कार्रवाई को नशे के कारोबार पर बड़ा प्रहार माना जा रहा है, जिससे अंतरराज्यीय तस्करी गिरोहों में हड़कंप मच गया है।













