Categories

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

14/07/2026

सारंगढ़ बिलाईगढ़ जिले में नारी रक्षा से सम्मान निधि योजना का झासा देकर पति – पत्नी समेत अन्य पर ठगी की आरोप ग्रामीणों ने पुलिस से की जांच की मांग पढ़े पूरी ख़बर …

Spread the love

सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के ग्राम ग्वालीनडीह में संचालित एक कथित सामाजिक संस्था और “नारी रक्षा सम्मान निधि योजना” को लेकर विवाद गहरा गया है। बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाओं और स्थानीय लोगों ने थाना सारंगढ़ में लिखित शिकायत देकर संस्था से जुड़े पदाधिकारियों पर निवेश के नाम पर लाखों रुपये जमा कराने और अब राशि वापस नहीं करने का आरोप लगाया है। फिलहाल पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

शिकायत के अनुसार, संस्था से जुड़े लोगों ने गांव-गांव जाकर महिलाओं को यह भरोसा दिलाया कि यदि वे माइक्रो फाइनेंस कंपनियों से ऋण लेकर योजना में निवेश करेंगी तो 20 से 24 महीनों में उनकी राशि दोगुनी हो जाएगी। साथ ही यह भी दावा किया गया कि संस्था स्वयं ऋण की मासिक किश्तों का भुगतान करेगी और समय-समय पर आर्थिक सहायता भी उपलब्ध कराएगी।

इन दावों पर भरोसा कर कई महिलाओं ने अपनी बचत, धान बिक्री से मिली रकम और माइक्रो फाइनेंस से लिए गए ऋण की राशि योजना में जमा कर दी। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि किसी ने ₹35 हजार तो किसी ने ₹2 लाख तक निवेश किया।

ग्रामीणों का आरोप है कि अब न तो जमा की गई रकम लौटाई जा रही है और न ही ऋण की किश्तें संस्था की ओर से भरी जा रही हैं। इससे कई परिवार आर्थिक संकट में आ गए हैं और महिलाओं पर माइक्रो फाइनेंस कंपनियों की किश्तें चुकाने का दबाव बढ़ गया है।

आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि निवेश की अधिकांश राशि नकद ली गई और कई मामलों में बाकायदा रसीद भी नहीं दी गई। कुछ लोगों को केवल साधारण स्टाम्प पेपर देकर भरोसा दिलाया गया। शिकायतकर्ताओं ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई और पीड़ितों की राशि वापस दिलाने की मांग की है।

ग्रामीणों ने यह आशंका भी जताई है कि ऋण स्वीकृत कराने की प्रक्रिया में कुछ एजेंटों और संबंधित कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए। हालांकि इस संबंध में अभी तक किसी भी स्तर पर आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निमिषा पाण्डेय ने बताया कि महिलाओं की शिकायत प्राप्त कर मामले को जांच में लिया गया है। यदि विवेचना के दौरान ठगी या अन्य आपराधिक कृत्य के प्रमाण मिलते हैं तो नियमानुसार अपराध दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

नोट: यह समाचार शिकायतकर्ताओं द्वारा लगाए गए आरोपों और पुलिस के प्रारंभिक बयान पर आधारित है। मामले की जांच जारी है और आरोपों की पुष्टि अभी पुलिस जांच के बाद ही होगी।


Spread the love