11/11/2026

एशिया कप विजेता अवि मानिकपुरी ने बढ़ाया छत्तीसगढ़ का मान, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से की सौजन्य भेंट…

ae1c47ec92b321c60999f7eb35db787e.webp
Spread the love

आवाम की आवाज़ न्यूज़// भुनेश्वर निराला

बिलासपुर/रायपुर। छत्तीसगढ़ की धरती एक बार फिर खेल जगत में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही है। बिलासपुर के युवा हॉकी खिलाड़ी अवि मानिकपुरी ने भारतीय अंडर-18 हॉकी टीम के साथ एशिया कप में स्वर्णिम सफलता हासिल कर पूरे प्रदेश का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर रविवार को राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उनसे मुलाकात कर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अवि मानिकपुरी की सफलता केवल एक खिलाड़ी की जीत नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ के हर उस युवा के सपनों की जीत है जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े लक्ष्य हासिल करने का साहस रखता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवा खिलाड़ी अपनी मेहनत, अनुशासन और लगन से राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंचों पर लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं, जिससे छत्तीसगढ़ की पहचान नई ऊंचाइयों तक पहुंच रही है।

मुख्यमंत्री साय ने अवि मानिकपुरी को प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणा बताते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि यह संदेश देती है कि दृढ़ इच्छाशक्ति और निरंतर प्रयास के बल पर कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अवि भविष्य में भारतीय हॉकी को नई बुलंदियों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव भी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। खेल अधोसंरचना के विकास, आधुनिक सुविधाओं और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि प्रदेश के युवा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें।

गौरतलब है कि बिलासपुर निवासी अवि मानिकपुरी ने हाल ही में जापान में आयोजित अंडर-18 एशिया कप हॉकी प्रतियोगिता में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए शानदार प्रदर्शन किया। पूरे टूर्नामेंट में भारतीय टीम ने दमदार खेल दिखाते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया, जिसमें अवि का योगदान बेहद महत्वपूर्ण रहा।

मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान छत्तीसगढ़ हॉकी संघ के अध्यक्ष फिरोज अंसारी, महासचिव डॉ. मनीष श्रीवास्तव तथा अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी मृणाल चौबे भी मौजूद रहे।

छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए प्रेरणा बने अवि

अवि मानिकपुरी की यह उपलब्धि बताती है कि यदि प्रतिभा को सही दिशा और अवसर मिले तो छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का गौरव बढ़ाने में किसी से पीछे नहीं हैं। आज पूरा प्रदेश उनके इस गौरवपूर्ण प्रदर्शन पर गर्व महसूस कर रहा है।


Spread the love

You may have missed