अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर जूटमिल पुलिस ने नारी शक्ति संगठनों का किया सम्मान
रायगढ़ | 08 मार्च 2026
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर थाना जूटमिल पुलिस द्वारा समाज में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं का सम्मान किया गया। वार्ड की सुरक्षा और नशा मुक्ति अभियान में सक्रिय योगदान देने वाली वार्ड नंबर 42 के नारी शक्ति संगठन बजरंगपारा तथा नारी शक्ति संगठन इंदिरा आवास अमलीभौना की महिला सदस्यों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
यह कार्यक्रम वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल सोनी और नगर पुलिस अधीक्षक श्री मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। थाना प्रभारी जूटमिल निरीक्षक अभिनव कांत सिंह ने महिलाओं को सम्मानित करते हुए उनके कार्यों की सराहना की।
ज्ञात हो कि जिले में एसएसपी के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत मादक पदार्थों और अवैध शराब पर अंकुश लगाने के लिए व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में वार्ड नंबर 42 के नारी शक्ति संगठन बजरंगपारा की महिलाओं ने वार्ड की सुरक्षा के लिए आपसी सहयोग से राशि एकत्र कर अपने क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगवाए।
महिलाएं वार्ड में अवैध शराब के खिलाफ भी सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। वे स्वयं डंडा लेकर वार्ड में गश्त करती हैं और लोगों को शराब पीने व बेचने से मना करती हैं। इसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं और क्षेत्र में अवैध शराब की शिकायतों में काफी कमी आई है।
इसी पहल से प्रेरित होकर इंदिरा आवास अमलीभौना क्षेत्र की महिलाओं ने भी नारी शक्ति संगठन बनाकर प्रतिदिन वार्ड में गश्त करना और शराबबंदी को लेकर जागरूकता अभियान शुरू किया है, जिसमें जूटमिल पुलिस लगातार सहयोग कर रही है।
इस अवसर पर थाना प्रभारी अभिनव कांत सिंह ने थाना में पदस्थ महिला प्रधान आरक्षक रेखा नागरे और देवकुमारी भारती को भी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया। दोनों महिला पुलिसकर्मी पारिवारिक जिम्मेदारियों के साथ अपने कर्तव्यों का निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन कर रही हैं।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित नागरिकों को नशा मुक्ति अभियान तथा मिशन सिक्योरिटी के तहत सीसीटीवी कैमरों की उपयोगिता के बारे में जानकारी दी गई और अधिक से अधिक सीसीटीवी लगाने के लिए प्रेरित किया गया। थाना प्रभारी ने कहा कि शराब एक गंभीर सामाजिक बुराई है, जिसके उन्मूलन के लिए नागरिकों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने आश्वस्त किया कि अवैध शराब, जुआ, सट्टा, देह व्यापार तथा अन्य अनैतिक गतिविधियों पर पुलिस द्वारा सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
कार्यक्रम में थाना जूटमिल का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।








