अपराधियों पर डीआईजी का सर्जिकल स्ट्राइक: 98 एनकाउंटर में 175 गिरफ्तार, दो ढेर, 5 करोड़ की संपत्ति कुर्क…
सत्यम गौड़। बरेली
बरेली रेंज में डीआईजी अजय कुमार साहनी के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए गए अभियान में 175 अपराधियों को सलाखों के पीछे पहुंचाया है। हत्या, डकैती, लूट, गोवध, अपहरण, पॉक्सो और अन्य वारदातों में शामिल बदमाशों पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 98 मुठभेड़ और विशेष ऑपरेशन अंजाम दिए। इस दौरान 129 अपराधी घायल हुए, जबकि दो दुर्दांत अपराधी पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मारे गए। कार्रवाई के दौरान 39 पुलिसकर्मी भी घायल हुए।
डीआईजी रेंज अजय कुमार साहनी के निर्देशन में 1 अक्टूबर 2025 से 31 मई 2026 तक चलाए गए विशेष अभियानों में बरेली, बदायूं, पीलीभीत और शाहजहांपुर पुलिस ने अपराधियों के नेटवर्क को ध्वस्त करने की दिशा में कई बड़ी सफलताएं हासिल कीं। इस दौरान 21 इनामी और वांछित अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। साथ ही अपराधों में प्रयुक्त अवैध हथियार, कारतूस और लूट-डकैती का माल भी बरामद किया गया।
बरेली सबसे आगे, 44 मुठभेड़ों में 76 गिरफ्तार
जनपदवार आंकड़ों में बरेली पुलिस सबसे आगे रही। यहां 44 पुलिस कार्रवाई और मुठभेड़ों में 76 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। 57 बदमाश घायल हुए और दो कुख्यात अपराधी मारे गए। वहीं 27 पुलिसकर्मी भी कार्रवाई के दौरान घायल हुए। बदायूं में 27 अभियानों में 53 अपराधी पकड़े गए, जबकि पीलीभीत में 22 और शाहजहांपुर में 24 अपराधियों की गिरफ्तारी हुई। संगठित अपराध पर भी पुलिस ने बड़ी चोट की। गैंगस्टर एक्ट के तहत 23 मुकदमे दर्ज कर 83 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा अपराध से अर्जित करीब 4.98 करोड़ रुपये की संपत्तियों को जब्त कर आर्थिक रूप से भी अपराधियों की कमर तोड़ने का प्रयास किया गया।
एक लाख का इनामी इफ्तेकार हुआ ढेर
बरेली के भोजीपुरा क्षेत्र में 9 अक्टूबर 2025 को हुई मुठभेड़ में एक लाख रुपये का इनामी और कई जिलों में वांछित कुख्यात अपराधी इफ्तेकार उर्फ धूम उर्फ लड्डे उर्फ सोल्जर मारा गया। उसके खिलाफ हत्या और डकैती समेत 19 मुकदमे दर्ज थे। पुलिस ने उसके कब्जे से पिस्टल, कारतूस, नकदी और बाइक बरामद की थी। वहीं इज्जतनगर क्षेत्र में अपनी सास और साले की चाकू से हत्या तथा पत्नी को गंभीर रूप से घायल करने वाले अफसर खां उर्फ बोरा को 17 मार्च 2026 को पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में ढेर कर दिया था। उसके पास से हत्या में प्रयुक्त खून लगा चाकू, पिस्टल और कारतूस बरामद किए गए थे।
एचपीसीएल हत्याकांड के आरोपियों पर रासुका
बदायूं के चर्चित एचपीसीएल प्लांट दोहरे हत्याकांड के आरोपी अजय प्रताप सिंह को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) के तहत भी कार्रवाई की गई। मामले के अन्य आरोपियों पर भी लगातार कार्रवाई जारी रही। डीआईजी अजय कुमार साहनी का कहना है कि रेंज में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। अपराध और अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।









