इंस्टाग्राम पर जान-पहचान का फायदा उठाकर महिला के घर घुसकर युवक ने की छेड़छाड़, आरोपी गिरफ्तार…
रायगढ़ | 08 मार्च 2026
जूटमिल थाना क्षेत्र में रहने वाली एक विवाहित महिला के घर में घुसकर छेड़छाड़ करने वाले आरोपी को महिला थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी की पहचान शुभम यादव (27 वर्ष) पिता संतोष कुमार यादव, निवासी वार्ड नंबर 10 सोसायटी रोड बाराद्वार, थाना बाराद्वार जिला सक्ती (छत्तीसगढ़) के रूप में हुई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पीड़िता (29 वर्ष) ने 07 मार्च 2026 को महिला थाना रायगढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई कि करीब तीन वर्ष पहले उसकी पहचान आरोपी शुभम यादव से इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी। कुछ समय बाद आरोपी द्वारा अश्लील मैसेज और गाली-गलौज किए जाने पर पीड़िता ने उससे बातचीत बंद कर दी थी। इसके बावजूद आरोपी लगातार पीड़िता और उसके घर के मोबाइल नंबर पर फोन कर उसे परेशान करता रहा।
रिपोर्ट के अनुसार 07 मार्च को सुबह करीब 11:30 बजे पीड़िता का पति बच्चों को लेने स्कूल गया हुआ था और वह घर में खाना बना रही थी। इसी दौरान दरवाजा खुलने की आवाज सुनकर बाहर आने पर देखा कि शुभम यादव घर के हॉल में घुस आया था। पीड़िता द्वारा उसे बाहर जाने के लिए कहने पर आरोपी ने धक्का देकर उसके साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। विरोध करने पर पीड़िता ने शोर मचाया और अपने पति को फोन करने लगी, जिस पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और मौके से फरार हो गया।
पीड़िता की शिकायत पर महिला थाना रायगढ़ में अपराध क्रमांक 16/2026 धारा 331(1), 74, 75(1), 115(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए जूटमिल और पुलिस लाइन स्टाफ के साथ बाराद्वार में दबिश देकर आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में अपराध स्वीकार करने पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन में महिला थाना टीम की अहम भूमिका रही। प्रकरण में सहायक उपनिरीक्षक सरस्वती महापात्रे, प्रधान आरक्षक संदीप भगत, आरक्षक शशिभूषण साहू (जूटमिल) और नव आरक्षक राज सोनी (पुलिस लाइन) शामिल रहे।
👮 एसएसपी शशि मोहन सिंह का संदेश
महिलाओं की सुरक्षा रायगढ़ पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। महिलाओं के साथ छेड़छाड़, अभद्र व्यवहार या सोशल मीडिया के माध्यम से परेशान करने वाले आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। किसी भी आपात स्थिति में पीड़िताएं बिना संकोच पुलिस से संपर्क करें।
📞 सहायता के लिए
डायल-112 या ‘हेलो सिस्टर’ महिला हेल्पलाइन – 94792-70533 पर संपर्क करें।








