फरीदपुर के ग्राम गौसगंज सराय का बेटा बना फरीदपुर की शान, युवा कंटेंट क्रिएटर मोहम्मद शान को बरेली पुलिस ने किया सम्मानित…
सत्यम गौड़। फरीदपुर
संवाददाता फरीदपुर। फरीदपुर क्षेत्र के ग्राम गौसगंज सराय निवासी युवा कंटेंट क्रिएटर मोहम्मद शान को बरेली पुलिस द्वारा आयोजित विशेष इन्फ्लुएंसर्स मीट-अप कार्यक्रम में सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें सोशल मीडिया के माध्यम से समाज में सकारात्मक संदेश प्रसारित करने तथा फरीदपुर क्षेत्र की संस्कृति, विरासत, स्थानीय प्रतिभाओं और जनहित से जुड़े विषयों को प्रमुखता से प्रस्तुत करने के लिए प्रदान किया गया।
बरेली पुलिस लाइन में आयोजित इस कार्यक्रम में ADG, SSP, ASP, IAS, IPS सहित पुलिस एवं प्रशासन के अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान मोहम्मद शान को सम्मान-चिन्ह प्रदान कर उनके कार्यों की सराहना की गई।
मोहम्मद शान अपने लोकप्रिय इंस्टाग्राम पेज “अनसीन फरीदपुर” (@unseen_faridpur) के माध्यम से फरीदपुर और आसपास के क्षेत्रों की सकारात्मक कहानियों, ऐतिहासिक धरोहरों, सामाजिक गतिविधियों एवं स्थानीय प्रतिभाओं को देशभर तक पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनके प्रयासों से आज फरीदपुर और विशेष रूप से ग्राम गौसगंज सराय की एक नई और सकारात्मक पहचान सोशल मीडिया पर स्थापित हो रही है।

सम्मान प्राप्त करने के बाद मोहम्मद शान ने कहा, “यह सम्मान मेरे लिए गर्व का विषय है। मैं इसे अपने ग्राम गौसगंज सराय, फरीदपुर और उन सभी लोगों को समर्पित करता हूं जिन्होंने हमेशा मेरा उत्साहवर्धन किया। मेरा उद्देश्य अपने क्षेत्र की अच्छाइयों, उपलब्धियों और प्रतिभाओं को देशभर तक पहुंचाना है।”









