Categories

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

13/02/2026

रामलीला मैदान में उमड़ा जनसैलाब, हिंदू सम्मेलन में एकता और राष्ट्रजागरण का आह्वान…

Spread the love

सत्यम गौड़। फरीदपुर

फतेहगंज पूर्वी बरेली के रामलीला मैदान (बारह पत्थर) में गुरुवार को विशाल हिंदू सम्मेलन भव्य एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। सम्मेलन में क्षेत्र तथा आसपास के ग्रामीण अंचलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, संतों, धर्माचार्यों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की।
       कार्यक्रम का आयोजन हिंदू सम्मेलन आयोजन समिति, फतेहगंज पूर्वी द्वारा किया गया। सम्मेलन की अध्यक्षता बालयोगी श्री महन्त अवधूत बाबा जी महाराज ने की। मंच से वक्ताओं ने सामाजिक एकता, सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण तथा समाज को जातिगत भेदभाव से ऊपर उठाकर संगठित करने का आह्वान किया।
      सम्मेलन की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार और पूजन के साथ हुई। इससे पूर्व 8 फरवरी को हवन-पूजन का आयोजन किया गया था। 11 फरवरी को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की ओर से भव्य बाइक रैली एवं पथ संचलन निकाला गया, जिससे पूरे क्षेत्र में सम्मेलन को लेकर उत्साह का वातावरण बना रहा। आयोजकों के अनुसार यह कार्यक्रम संघ के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चल रहे समाज जागरण अभियान का हिस्सा है।
      कार्यक्रम में विभिन्न वक्ताओं ने कहा कि समाज की मजबूती आपसी भाईचारे, अनुशासन और सांस्कृतिक चेतना से ही संभव है। युवाओं से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए भारतीय परंपराओं और मूल्यों को अपनाने का आह्वान किया गया।
      सम्मेलन को सफल बनाने में आयोजन समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों की सक्रिय भूमिका रही। स्थानीय नागरिकों ने भी बढ़-चढ़कर सहयोग किया।
      सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस बल की तैनाती की गई थी तथा यातायात को सुचारु रखने के लिए विशेष प्रबंध किए गए थे। प्रशासन की सतर्कता के चलते कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
      समापन पर आयोजकों ने संत-महात्माओं, अतिथियों, प्रशासन एवं आमजन का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी समाजहित के ऐसे आयोजनों को निरंतर जारी रखने का संकल्प दोहराया।


Spread the love