क्योलड़िया पुलिस ने प्रेमिका और पत्नी की हत्या के आरोप में ‘डॉ. बंगाली’ व साथी को दबोचा 1.5 साल पुराना मामला अब मिली पुलिस को सफलता…
सत्यम गौड़। बरेली
बरेली के थाना क्योलड़िया पुलिस ने डेढ़ साल पुराने नाबालिग किशोरी के गायब होने के मामले में सनसनीखेज खुलासा करते हुए दोहरे हत्याकांड का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने किशोरी की हत्या और वर्ष 2017 में एक महिला की हत्या के आरोप में सलीम हुसैन और आसिम उर्फ अमित उर्फ डॉ. बंगाली को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी पश्चिम बंगाल भागने की फिराक में थे, जिन्हें 11 फरवरी को भौआ बाजार के आगे बौरिया कट से दबोच लिया गया।
किशोरी की गुमशुदगी से खुली हत्या की परतें
ग्राम सतवन पट्टी निवासी अजीज अहमद ने 8 जनवरी 2025 को अपनी 16 वर्षीय पुत्री के घर से लापता होने की रिपोर्ट थाना क्योलड़िया में दर्ज कराई थी। मुकदमा अपराध संख्या 009/2025 धारा 137(2) बीएनएस में पंजीकृत हुआ। विवेचना के दौरान सितंबर 2025 में कैलाश नदी किनारे गन्ने के खेत से गुथी हुई सिर की चोटी, कपड़े व हड्डियां बरामद हुईं। डीएनए जांच में यह पुष्टि हुई कि बरामद अवशेष वादी की पुत्री के ही हैं। इसके बाद मुकदमे में धारा 103(1)/238 बीएनएस की वृद्धि की गई।
मोबाइल सीडीआर विश्लेषण में गांव के ही सलीम हुसैन की संदिग्ध गतिविधियां सामने आईं। किशोरी से उसकी कई बार बातचीत और घटना वाली रात लोकेशन एक ही स्थान पर पाई गई।
पॉलीग्राफ नोटिस से घबराए, रचा भागने का प्लान
पुलिस ने न्यायालय की अनुमति से सलीम का पॉलीग्राफ टेस्ट कराने की प्रक्रिया शुरू की। नोटिस मिलने के बाद सलीम फरार हो गया। इसी दौरान जांच में सामने आया कि वह भौआ बाजार स्थित एक क्लीनिक में आसिम उर्फ डॉ. बंगाली के साथ काम करता था। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी कलकत्ता भागने की तैयारी में थे और पैसों का इंतजार कर रहे थे, तभी दबोच लिए गए।
पूछताछ में कबूला जुर्म
पूछताछ में सलीम ने कबूल किया कि किशोरी को रात में बुलाकर गन्ने के खेत में ले गया और गला दबाकर हत्या कर दी। शव को खेत में फेंक दिया और मोबाइल नदी में बहा दिया। वहीं, डॉ. बंगाली ने वर्ष 2017 में अपनी पत्नी रजनी की हत्या की साजिश रचने की बात स्वीकारी। आरोप है कि पत्नी से विवाद के चलते उसने सलीम के साथ मिलकर कैलाश नदी किनारे गला दबाकर हत्या की और शव दफना दिया। इस संबंध में थाना भुता में धारा 364 भादवि के तहत मुकदमा दर्ज है।
आपराधिक इतिहास भी गंभीर
सलीम हुसैन (22 वर्ष) पर लूट, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं,वर्तमान में दो हत्याओं में नामजद है। आसिम उर्फ अमित उर्फ डॉ. बंगाली (मूल निवासी पश्चिम बंगाल) पूर्व में अपहरण व पॉक्सो एक्ट के मामले में नामजद पत्नी की हत्या में आरोपी है।
पुलिस का बयान
एसपी दक्षिणी मुकेश कुमार मिश्र ने बताया कि सर्विलांस, साइबर सेल व एसओजी की संयुक्त टीमों ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले का खुलासा किया। दोनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है और अन्य पहलुओं की जांच जारी है।
पॉलीग्राफ टेस्ट से बचने के प्रयास ने बढ़ाया शक
इस सनसनीखेज खुलासे के बाद क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है। पुलिस दोनों मामलों में चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी कर रही है।




