नाबालिग छात्रा को सोशल मीडिया पर बदनाम करने की धमकी, जान से मारने की भी चेतावनी…
सत्यम गौड़। फरीदपुर
फरीदपुर/फतेहगंज पूर्वी। थाना क्षेत्र के एक गांव में कक्षा 10 की नाबालिग छात्रा को सोशल मीडिया के माध्यम से धमकाने का गंभीर मामला सामने आया है। परिजनों ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया है कि एक युवक लगातार छात्रा पर फोन पर बात करने का दबाव बना रहा था।
बताया गया है कि छात्रा द्वारा इंकार करने पर आरोपी ने उसे सोशल मीडिया पर बदनाम करने, आपत्तिजनक सामग्री वायरल करने और जान से मारने की धमकी दी। धमकियों से घबराए परिजनों ने तत्काल पुलिस की शरण ली।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने छात्रा की पहचान गोपनीय रखते हुए जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्रकरण की गंभीरता से छानबीन की जा रही है और दोषी पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों पर नजर रखें और किसी भी प्रकार की साइबर धमकी या उत्पीड़न की सूचना तुरंत पुलिस को दें।




