महिला से सरेराह मारपीट व छेड़छाड़, आठ नामजद आरोपियों पर केस दर्ज…
सत्यम गौड़। फरीदपुर
फरीदपुर/फतेहगंज पूर्वी। थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ रास्ता रोककर मारपीट, छेड़छाड़ और धमकी देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आठ नामजद लोगों के खिलाफ जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता के अनुसार, 8 फरवरी की सुबह वह घर जा रही थी, तभी गांव के ही कुछ लोगों ने उसे रास्ते में रोक लिया। आरोप है कि दो युवकों ने उसके साथ अभद्रता की और मारपीट शुरू कर दी। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
महिला का आरोप है कि छीना-झपटी के दौरान उसके आभूषण और मोबाइल फोन गिरकर गायब हो गए। घटना के बाद वह किसी तरह सुरक्षित घर पहुंची और परिजनों को जानकारी दी। पीड़िता ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
थाना प्रभारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। सभी तथ्यों की पड़ताल के बाद दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।




