बरेली में सनसनी: पत्नी पर शक के चलते पिता बना हैवान, मासूम बेटे की हत्या…
सत्यम गौड़। फरीदपुर
बरेली के भुता थाना क्षेत्र के अठाना गांव में पिता ने अपने एक साल के मासूम बेटे को गला दबाकर मार डाला। ऐसा उसने अपनी पत्नी पर अवैध संबंध होने के शक में बुधवार की शाम को किया। पुलिस ने आरोपी को जंगल से गिरफ्तार कर लिया है। अठाना गांव निवासी सोमपाल ने बुधवार की शाम करीब साढ़े पांच बजे अपने एक साल के बेटे को तालाब के किनारे ले गया। जहां उसकी गला दबाकर हत्या कर दी और जंगल में छिप गया।
गुरुवार को पत्नी राजवेटी ने थाने में तहरीर दी। आरोप लगाया कि उनके पति ने ही बेटे वरुण को मार डाला है। पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ग्राम अठाना के तालाब किनारे जंगल में तलाश शुरू की, जहां से मासूम वरुण का शव बरामद किया गया। मौके पर फील्ड यूनिट और क्षेत्राधिकारी फरीदपुर संदीप सिंह भी पहुंचे। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी सोमपाल को घटनास्थल से कुछ दूरी पर जंगल में छिपे हुए समय लगभग शाम 5 बजे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसे अपनी पत्नी के अवैध संबंधों का शक था और वह एक वर्षीय वरुण को अपना पुत्र नहीं मानता था।
आरोपी ने बताया कि इसी गुस्से में उसने 11 फरवरी की शाम लगभग 5:30 बजे बच्चे को तालाब किनारे ले जाकर गला दबाकर हत्या कर दी थी। उसने यह भी बताया कि वह राजस्थान में मजदूरी करता है और कुछ दिन पहले ही गांव लौटा था। पत्नी के मायके में रहने को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था।
भुता थाने के इंस्पेक्टर रविन्द्र कुमार ने बताया आरोपी ने स्वीकार किया कि उसे अपनी पत्नी के अवैध संबंधों का शक था और वह एक वर्षीय वरुण को अपना पुत्र नहीं मानता था। मुकदमा दर्ज कर आरोपी पिता को जेल भेजा रहा है।




