सीएएस इंटर कॉलेज में भव्य हिंदू सम्मेलन, सनातन एकता का दिया गया संदेश…
सत्यम गौड़। फरीदपुर
फरीदपुर कस्बे के सीएएस इंटर कॉलेज परिसर में रविवार को पंचेश्वर नाथ हिंदू सम्मेलन समिति के तत्वावधान में एक भव्य हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ आगंतुक अतिथियों द्वारा भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पुष्पार्चन कर किया गया।
सम्मेलन की शुरुआत किशोर चंद कन्या इंटर कॉलेज, पुष्पा देवी सरस्वती बालिका विद्या मंदिर, श्याम सुंदर कन्या इंटर कॉलेज एवं सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों से हुई। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से सनातन संस्कृति, भारतीय परंपराओं और सामाजिक समरसता का प्रभावशाली संदेश दिया गया।
मुख्य वक्ता श्री देवराज जी ने अपने उद्बोधन में कहा कि हिंदू सम्मेलन का मूल उद्देश्य सनातन संस्कृति की रक्षा, सामाजिक समरसता को सुदृढ़ करना तथा हिंदू समाज को जाति-भेद से ऊपर उठाकर एक सूत्र में बांधना है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में देशभर में इस प्रकार के आयोजन किए जा रहे हैं, जिनका लक्ष्य हिंदू शक्ति को जागृत करना, सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करना और राष्ट्र को परम वैभव की ओर अग्रसर करना है। उन्होंने कहा कि इतिहास साक्षी है—जब-जब हिंदू समाज एकजुट हुआ है, तब-तब वह अजय बना है।
मुख्य अतिथि पंचेश्वर नाथ मंदिर के महंत रामगिरि जी ने कहा कि सनातन धर्म केवल पूजा-पद्धति नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक समन्वित, अनुशासित और गौरवशाली जीवनशैली है। विशिष्ट अतिथि मातृशक्ति मीरा मोहन एवं गुंजन ने समाज में व्याप्त भेदभाव को समाप्त कर सभी सनातनियों को एकजुट होने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में अध्यक्ष द्वारा सभी अतिथियों, कार्यकर्ताओं एवं उपस्थित जनसमूह के प्रति आभार व्यक्त किया गया। भारत माता की आरती एवं प्रसाद वितरण के साथ सम्मेलन का समापन हुआ।
इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला संघ चालक डॉ. महेश चौधरी, बरेली विभाग के सह विभाग शारीरिक प्रमुख विश्वनाथ प्रताप सिंह, सह जिला बौद्धिक प्रमुख अनुज शर्मा, सह जिला व्यवस्था प्रमुख राहुल जी, विश्व हिंदू परिषद के विभाग मंत्री मानवेंद्र राणा, सोमपाल राठौर, सह नगर कार्यवाह रुद्रांश त्रिगुणायत, सुखदेव वाल्मीकि, दीपा काला, कॉलेज के अध्यापक-अध्यापिकाएं सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से हजारों की संख्या में सनातनी उपस्थित रहे।




