गोवंश की मौत के साथ मंडरा रहा बड़ा रेल हादसा, फिर भी रेलवे बेपरवाह…
सत्यम गौड़। फरीदपुर
फरीदपुर क्षेत्र के फतेहगंज पूर्वी स्थित बिलपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास रेलवे की घोर लापरवाही के चलते आए दिन गोवंश ट्रेन की चपेट में आकर जान गंवा रहे हैं। लगातार हो रही इन घटनाओं से स्थानीय लोगों और गौ रक्षकों में भारी रोष है।
2 फरवरी की सुबह हावड़ा–अमृतसर एक्सप्रेस की चपेट में आने से एक गाय गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि इससे पहले रात में आनंद विहार एक्सप्रेस की टक्कर से एक गोवंश की मौके पर ही मौत हो गई। मृत गोवंश के शव के आसपास अन्य पशुओं के जमा होने से किसी बड़े रेल हादसे की आशंका भी बनी रही।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस स्थान पर न तो रेलवे की ओर से फेंसिंग कराई गई है और न ही कोई सुरक्षा इंतजाम हैं। परिणामस्वरूप, बेसहारा गोवंश रेलवे ट्रैक पर पहुंच जाते हैं और उनकी दर्दनाक मौत हो जाती है।
गौ रक्षकों और ग्रामीणों ने रेलवे प्रशासन व जिला प्रशासन से तत्काल फेंसिंग, चेतावनी बोर्ड और सुरक्षा व्यवस्था करने की मांग की है। लोगों का साफ कहना है कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो आने वाले दिनों में कोई बड़ा हादसा होने से इनकार नहीं किया जा सकता।
अब सवाल यह है कि गोवंश की लगातार हो रही मौतों के बाद भी प्रशासन कब जागेगा?




