Categories

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

05/02/2026

फरीदपुर टोल प्लाजा पर सड़क सुरक्षा कार्यक्रम: फीता काटकर शुभारंभ, यातायात नियमों पर किया जागरूक….

Spread the love

सत्यम गौड़। फरीदपुर

सड़क सुरक्षा सप्ताह के अंतर्गत फरीदपुर टोल प्लाजा पर बुधवार को एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ टोल प्लाजा के एनएचएआई टेक्निकल मैनेजर अश्विनी चौहान ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर वाहन चालकों और आम लोगों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए सभी को जिम्मेदारी से वाहन चलाना चाहिए। वाहन चालकों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और नशे की हालत में वाहन न चलाने की सख्त हिदायत दी गई। अधिकारियों ने बताया कि अधिकतर सड़क दुर्घटनाएं लापरवाही और यातायात नियमों की अनदेखी के कारण होती हैं, जिन्हें थोड़ी सी सावधानी बरतकर रोका जा सकता है।

एनएचएआई टेक्निकल मैनेजर अश्विनी चौहान ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि हर नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। यदि सभी लोग नियमों का पालन करें तो दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय कमी लाई जा सकती है। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे स्वयं सुरक्षित रहें और दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें।

इस अवसर पर डिप्टी मैनेजर (टेक्निकल) दीपक, एनएचएआई ट्रैफिक पुलिस बरेली से अंजनी कुमार, टीआई बरेली शैलेंद्र कुमार सिंह तथा एनएचएआई प्रोजेक्ट हेड अंजनी कुमार मौजूद रहे। इनके साथ ही टोल प्रशासन, सुरक्षाकर्मी और फरीदपुर टोल प्लाजा के समस्त कर्मचारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

जागरूकता कार्यक्रम के दौरान टोल प्लाजा परिसर में सड़क सुरक्षा से संबंधित सूचना बैनर लगाए गए, जिनके माध्यम से लोगों को महत्वपूर्ण संदेश दिए गए। इसके अलावा आम लोगों की भागीदारी बढ़ाने के लिए एक सेल्फी पॉइंट भी बनाया गया, जहां लोगों ने सड़क सुरक्षा के संदेशों के साथ फोटो खिंचवाकर अभियान का समर्थन किया।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों और वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई गई। उनसे यातायात नियमों का पालन करने, स्वयं सुरक्षित रहने और दूसरों को भी जागरूक करने की अपील की गई। कार्यक्रम को लेकर लोगों में उत्साह देखने को मिला और इसे सड़क सुरक्षा की दिशा में एक सार्थक पहल बताया गया।


Spread the love