अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत: फरीदपुर टोल प्लाजा के पास हादसा, एक घायल…
सत्यम गौड़। फरीदपुर
बरेली के फरीदपुर थाना क्षेत्र में बुधवार शाम एक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना फरीदपुर टोल प्लाजा के पास इनायतपुर मोड़ पर हुई, जहां एक अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पर सवार एक युवक सड़क पर गिर गया और अज्ञात वाहन का पहिया उसके ऊपर से गुजर गया। टक्कर मारने के बाद अज्ञात वाहन चालक अपने वाहन सहित मौके से फरार हो गया। बाइक चला रहा युवक भी घटना स्थल से भाग निकला।
सूचना मिलने पर फरीदपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाया। घायलों की पहचान सुरेंद्र और सुशील के रूप में हुई। इलाज के दौरान 45 वर्षीय सुशील, जो ग्राम सिसैया का निवासी था, की अस्पताल ले जाते समय मृत्यु हो गई।
सुरेंद्र का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा और यातायात भी प्रभावित हुआ।
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचित कर दिया गया है। पुलिस फरार अज्ञात वाहन और बाइक चालक की तलाश कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




