बरेली गौशाला में मृत मिले गोवंश, कई तड़पते पाए गए: बजरंग दल ने लगाया कुप्रबंधन का आरोप, एसडीएम ने दिए कार्रवाई के आदेश…
सत्यम गौड़। बरेली
जनपद बरेली के ब्लॉक मझगवा की ग्राम पंचायत अनिरुद्धपुर में स्थित एक गौशाला में कई गोवंश मृत पाए गए, जबकि कुछ अन्य तड़पते हुए मिले। इस घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलने पर विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ता गौशाला पहुंचे। उन्होंने गौशाला प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि गायों की उचित देखभाल न होने के कारण वे भूख और प्यास से मर रही हैं। कार्यकर्ताओं ने मौके पर जमकर हंगामा किया।
गौशाला का निरीक्षण करने पर पाया गया कि वहां कई गोवंश मृत पड़े थे और कुछ गंभीर हालत में तड़प रहे थे। कुछ मृत गोवंश को गौशाला के पीछे मिट्टी में दबा दिया गया था। गौशाला में न तो साफ-सफाई की उचित व्यवस्था थी और न ही गोवंश के लिए चारे-पानी का कोई इंतजाम था।
घटना की जानकारी मिलने पर एसडीएम वाला विदुषी सिंह तत्काल मौके पर पहुंचीं और गौशाला का निरीक्षण किया। उन्होंने स्थिति पर गहरा असंतोष व्यक्त करते हुए वीडियो मझगवा और संबंधित डॉक्टर के प्रति नाराजगी जताई।
एसडीएम ने तत्काल ग्राम सचिव के खिलाफ कार्रवाई के आदेश दिए। उन्होंने आश्वासन दिया कि एक सप्ताह के भीतर संबंधित दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और इसकी जानकारी दी जाएगी।




