रायगढ़: बुजुर्ग महिला से लूटपाट करने वाला आरोपी गिरफ्तार, हथौड़ी और बाइक जब्त

बुजुर्ग महिला से लूट के मामले में रायगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खरसिया थाना क्षेत्र के आरोपी को गिरफ्तार किया है।
रायगढ़, 5 नवंबर 2026। जिले के खरसिया थाना क्षेत्र में घर में अकेली रह रही 62 वर्षीय बुजुर्ग महिला के साथ मारपीट कर सोने-चांदी के जेवरात और नकदी लूटने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। खरसिया पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात को अंजाम देने वाले 29 वर्षीय आरोपी नागेश कुमार गवेल को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर 3 हजार रुपये नकद, वारदात में इस्तेमाल की गई हथौड़ी, बांस का डंडा और डिस्कवर मोटरसाइकिल बरामद की है। हालांकि, लूटे गए शेष रुपये और सोने-चांदी के जेवरात की तलाश के बावजूद बरामदगी नहीं हो सकी।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम बड़े देवगांव निवासी रामबाई साहू (62 वर्ष), पति स्वर्गीय धर्मेंद्र साहू ने 1 नवंबर 2026 को अपने परिजनों के साथ थाना खरसिया पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
पीड़िता ने बताया कि 31 अक्टूबर की रात करीब 8 बजे वह अपने घर के कमरे में सो रही थी। रात करीब 1:30 बजे नींद खुलने पर उसने देखा कि एक अज्ञात व्यक्ति घर की आलमारी से सामान निकाल रहा है। महिला ने विरोध किया तो आरोपी ने बांस के डंडे से उसके सिर और दोनों हाथों पर वार कर दिया।
इसके बाद आरोपी आलमारी और संदूक में रखे करीब 30 हजार रुपये नकद, लगभग 40 तोला चांदी और 2 तोला सोने के जेवरात लेकर फरार हो गया। पीड़िता की रिपोर्ट पर थाना खरसिया में अपराध क्रमांक 570/2026 के तहत बीएनएस की धारा 309(6), 331(6) में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
संदिग्ध के हुलिए से मिला सुराग, पुलिस ने आरोपी को पकड़ा
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने एसडीओपी खरसिया श्री सतीश भार्गव और थाना प्रभारी निरीक्षक सीताराम ध्रुव को आरोपी की जल्द पतासाजी कर गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पीड़िता सहित आसपास के लोगों से पूछताछ की। इसी दौरान घटना की रात ग्राम बड़े देवगांव में डेमलाल उरांव के यहां ग्राम बोरदी से आए नागेश गवेल का हुलिया संदिग्ध पाया गया।
पुलिस ने संदेही नागेश कुमार गवेल को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने वृद्ध महिला के घर में घुसकर लूटपाट करने की बात स्वीकार की।
उधारी नहीं मिली तो बनाई लूट की योजना
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 31 अक्टूबर की रात वह अपनी डिस्कवर मोटरसाइकिल से डेमलाल उरांव के घर 4,500 रुपये उधार मांगने गया था। रुपये नहीं मिलने पर वह वहां से लौट आया।
इसके बाद मेन रोड स्थित सामुदायिक भवन के पास उसने लूटपाट की योजना बनाई। आरोपी को जानकारी थी कि ग्राम बड़े देवगांव में रामबाई साहू अकेली रहती हैं और उनके घर में पुट्टी एवं पोताई का काम चल रहा है।
इसी का फायदा उठाकर आरोपी रात में घर के गेट पर चढ़कर अंदर घुसा। उसने हथौड़ी से आलमारी और संदूक तोड़कर नकदी तथा जेवरात निकालने शुरू किए। इसी दौरान आवाज सुनकर महिला जाग गई और आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपी ने बांस के डंडे से महिला के सिर और दोनों हाथों पर हमला कर दिया और लूटपाट कर मोटरसाइकिल से फरार हो गया।
आरोपी की निशानदेही पर हथौड़ी, डंडा और बाइक जब्त
आरोपी नागेश कुमार गवेल के मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस ने 3 हजार रुपये नकद, घटना में प्रयुक्त बांस का डंडा और हथौड़ी को बोरदी मोड़ मेन रोड के पास झाड़ियों से बरामद किया। वहीं वारदात में प्रयुक्त डिस्कवर मोटरसाइकिल आरोपी के घर से जब्त की गई।
आरोपी ने शेष 25 हजार रुपये नकद, 2 तोला सोना और 40 तोला चांदी नरवा मुक्तिधाम के पास पेड़ के समीप छिपाना बताया। पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर तलाश की, लेकिन उक्त संपत्ति बरामद नहीं हो सकी।
आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
गिरफ्तार आरोपी की पहचान कार्यपालिक दंडाधिकारी खरसिया के समक्ष पीड़िता से कराई गई। इसके बाद आरोपी नागेश कुमार गवेल पिता प्रमोद कुमार गवेल, उम्र 29 वर्ष, निवासी ग्राम बड़े बोरदी, थाना खरसिया, जिला रायगढ़ को 4 नवंबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस टीम की रही सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन, एडिशनल एसपी श्री अनिल सोनी के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी खरसिया श्री सतीश भार्गव के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक सीताराम ध्रुव, उप निरीक्षक अमरनाथ शुक्ला, सहायक उप निरीक्षक उमाशंकर धृतांत, प्रधान आरक्षक रामनाथ बनर्जी, महेंद्र खरे, आरक्षक विशोष सिंह एवं हमराह स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी का संदेश: बुजुर्गों और महिलाओं की सुरक्षा प्राथमिकता
एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने कहा कि बुजुर्गों एवं महिलाओं की सुरक्षा रायगढ़ पुलिस की प्राथमिकता है। महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों के विरुद्ध अपराध करने वालों के प्रति पुलिस सख्त रुख अपनाएगी। जिले में अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।


















