रायगढ़ में ‘ऑपरेशन आघात’ का बड़ा एक्शन: ओडिशा से गांजा तस्करी का खुलासा, सप्लायर और खरीदार गिरफ्तार; 2.893 किलो गांजा, बाइक और दो मोबाइल जब्त

ओडिशा से मंगाया गया 2.893 किलो गांजा जब्त, ₹14,850 के ऑनलाइन ट्रांसफर का खुलासा; बाइक और दो मोबाइल सहित मशरूका जब्त
रायगढ़, 26 अक्टूबर 2026। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत पुसौर पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2.893 किलो गांजा, तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
नाकेबंदी कर गांजे के साथ पकड़ा गया आरोपी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 25 अक्टूबर 2026 को पुसौर थाना प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति ओडिशा की ओर से मोटरसाइकिल में गांजा लेकर रायगढ़ आ रहा है। सूचना पर वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने ग्राम बड़े भंडार में प्रियंका किराना स्टोर के सामने मुख्य सड़क पर नाकेबंदी की।
इस दौरान संदिग्ध को रोककर तलाशी ली गई। उसकी पहचान लब सा (30 वर्ष), निवासी ओडिशा, वर्तमान निवासी चक्रधर कॉलोनी, चंद्रपुर, जिला सक्ती के रूप में हुई। उसके पास मौजूद काले रंग के बैग से तीन पैकेट में कुल 2.893 किलो गांजा बरामद किया गया, जिसकी कीमत लगभग ₹1.40 लाख बताई गई है।
पुलिस ने गांजा परिवहन में इस्तेमाल की जा रही होंडा साइन SP 125 मोटरसाइकिल क्रमांक CG 11 BR 3641, जिसकी कीमत करीब ₹50 हजार है, जब्त कर आरोपी के खिलाफ थाना पुसौर में अपराध क्रमांक 267/2026, धारा 20(ख) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया।
₹14,850 ट्रांसफर कर मंगाया था गांजा
मामले की विवेचना के दौरान पुलिस को गांजा मंगाने वाले खरीदार के संबंध में जानकारी मिली। आरोपी लब सा के मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस ने राजू दास महंत (39 वर्ष), निवासी बरमुड़ा, थाना कोतरारोड़, जिला रायगढ़ को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में सामने आया कि राजू दास महंत ने मोबाइल फोन के माध्यम से लब सा से संपर्क कर तीन किलो गांजा मंगाया था। इसके एवज में कियोस्क बैंक ग्राहक सेवा केंद्र के माध्यम से ₹14,850 ट्रांसफर किए गए थे।
पुलिस ने राजू दास महंत के कब्जे से वीवो कंपनी के दो मोबाइल फोन, मॉडल V2029 और Vivo T4 Lite 5G, जब्त किए। दोनों मोबाइल की कीमत करीब ₹50 हजार बताई गई है।
करीब ₹2.40 लाख की संपत्ति जब्त
पुलिस ने दोनों आरोपियों से गांजा, मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन सहित कुल करीब ₹2.40 लाख की संपत्ति जब्त की है। दोनों आरोपियों को 25 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
कार्रवाई में इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस, उप निरीक्षक कुंदन लाल गौर, प्रशिक्षु उप निरीक्षक टिकेन्द्र चन्द्राकर, सहायक उप निरीक्षक उमाशंकर नायक, प्रधान आरक्षक अमित तिर्की एवं श्यामदास महंत तथा आरक्षक महेश चौहान, तारिक अनवर और दिलीप सिदार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने दिया संदेश
रायगढ़ के एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने कहा कि नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए रायगढ़ पुलिस लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है। मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल सप्लायर और खरीदार, दोनों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आम नागरिकों से नशे के कारोबार से जुड़े लोगों की सूचना पुलिस को देकर अभियान को सफल बनाने में सहयोग करने की अपील की।
गिरफ्तार आरोपी:
1. लब सा, उम्र 30 वर्ष, निवासी ओडिशा, वर्तमान निवासी चक्रधर कॉलोनी, चंद्रपुर, जिला सक्ती।
2. राजू दास महंत, उम्र 39 वर्ष, निवासी बरमुड़ा, थाना कोतरारोड़, जिला रायगढ़।
आवाम की आवाज़ न्यूज़ | रायगढ़
















