31/10/2026

धान खरीदी से पहले कलेक्टर का सख्त अल्टीमेटम! 95 केंद्रों में तैयारियां पूरी करने के निर्देश, 15 नवंबर से होगी खरीदी।

IMG-20261030-WA0056
Spread the love

 

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 30 अक्टूबर 2026। जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की तैयारियों को लेकर प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। कलेक्टर ने स्पष्ट कर दिया है कि धान खरीदी केंद्रों की व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। 15 नवंबर से शुरू होने वाली धान खरीदी से पहले सभी 95 उपार्जन केंद्रों में जरूरी सुविधाएं पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।

 

धान खरीदी की तैयारियों को लेकर कलेक्टर की अध्यक्षता में जिले के सभी उपार्जन केंद्रों के नोडल अधिकारियों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। 30 अक्टूबर को आयोजित इस प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनरों ने अधिकारियों को धान खरीदी की प्रक्रिया, नियमों और आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तार से जानकारी दी।

 

जिले में बनाए गए हैं 95 धान खरीदी केंद्र

 

सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में कुल 95 धान उपार्जन केंद्र संचालित किए जाएंगे। इनमें सारंगढ़ विकासखंड में 30, बरमकेला में 27 और बिलाईगढ़ विकासखंड में 38 केंद्र शामिल हैं। कलेक्टर ने प्रत्येक केंद्र की तैयारियों की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को शासन के दिशा-निर्देशों का गंभीरता से पालन करने को कहा।

 

तौल मशीन से लेकर सीसीटीवी तक की होगी जांच

 

कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी धान खरीदी केंद्रों में तौल मशीनों का सत्यापन समय पर कराया जाए। इसके साथ ही आर्द्रतामापक यंत्रों की उपलब्धता और उनकी कार्यशील स्थिति सुनिश्चित की जाए।

 

जिन केंद्रों में आर्द्रतामापक यंत्र या सीसीटीवी कैमरे खराब हैं अथवा चालू हालत में नहीं हैं, उन्हें तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए हैं। खरीदी शुरू होने से पहले सभी बुनियादी सुविधाएं पूरी करना अनिवार्य होगा।

 

पारदर्शिता के लिए कैमरों से होगी निगरानी

 

धान खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी उपार्जन केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की जाएगी। राज्य, जिला और विकासखंड स्तर पर खरीदी केंद्रों की मॉनिटरिंग होगी। कलेक्टर ने अधिकारियों को खरीदी प्रक्रिया पर लगातार नजर रखने और किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने देने के निर्देश दिए हैं।

 

‘तुहर टोकन’ ऐप से किसान कटवा सकेंगे टोकन

 

इस बार किसानों की सुविधा के लिए ‘तुहर टोकन’ मोबाइल ऐप के माध्यम से टोकन जारी करने की व्यवस्था की गई है। किसान चाहें तो संबंधित समिति में पहुंचकर भी अपना टोकन कटवा सकते हैं।

 

इस वर्ष किसानों की भूमि के रकबे के अनुसार टोकन की व्यवस्था निर्धारित की गई है। दो एकड़ तक भूमि वाले किसानों के लिए एक, दो से दस एकड़ तक भूमि वाले किसानों के लिए दो तथा दस एकड़ से अधिक भूमि वाले किसानों के लिए तीन टोकन की व्यवस्था की गई है।

 

जिले में धान खरीदी 15 नवंबर 2026 से शुरू होकर 31 जनवरी 2027 तक चलेगी। ऐसे में प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा के भीतर तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं, ताकि किसानों को धान बेचने के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।


Spread the love

You may have missed