पटवारियों की हड़ताल से धान खरीदी की तैयारियों पर संकट, विकास टंडन ने मांगा समाधान…

सारंगढ़। प्रदेश में 13 अक्टूबर से जारी पटवारियों की हड़ताल के कारण राजस्व संबंधी कामकाज ठप हो गया है, जिससे किसानों और आम नागरिकों की परेशानियां बढ़ गई हैं। प्रदेश अध्यक्ष विकास टंडन JCCJ ने राज्य सरकार से पटवारियों की हड़ताल का जल्द से जल्द समाधान निकालने की मांग की है। विकास टंडन ने कहा कि धान खरीदी से पहले एग्री-स्टैक पोर्टल पर पंजीयन, फार्मर आईडी, खसरा लिंकिंग और डिजिटल क्रॉप सर्वे 31 अक्टूबर तक पूरा किया जाना अनिवार्य है। लेकिन हड़ताल के चलते गिरदावरी और फसल सत्यापन का काम प्रभावित हो रहा है। यदि समय पर रिकॉर्ड दुरुस्त नहीं हुए तो किसानों को धान बेचने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। इसके अतिरिक्त, नामांतरण, फौती, बंटवारा, सीमांकन और आय, जाति व निवास प्रमाण-पत्र जैसे महत्वपूर्ण काम अटके पड़े हैं। तहसील कार्यालयों के चक्कर काटने को लोग मजबूर हैं। जनता कांग्रेस विकास टंडन ने सरकार से मांग की कि ऐप की तकनीकी दिक्कतों को दूर कर पटवारी संघ से वार्ता की जाए और हड़ताल समाप्त कराकर किसानों के हितों की रक्षा की जाए।
















