बालोद में पुलिस को चकमा देकर फरार हुई महिला आरोपी, तीन पुलिसकर्मी निलंबित; सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल…
बालोद। जिले से पुलिस महकमे को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। चोरी के मामले में गिरफ्तार एक महिला आरोपी पुलिस अभिरक्षा से ही फरार हो गई। थाने से आरोपी के भाग निकलने की खबर मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। तत्काल जिलेभर में अलर्ट जारी कर अलग-अलग टीमों को उसकी तलाश में लगाया गया, लेकिन देर शाम तक आरोपी का कोई पता नहीं चल सका।
जानकारी के मुताबिक, महिला को चोरी के मामले में गिरफ्तार कर कोतवाली थाना की अभिरक्षा में रखा गया था। इसी दौरान उसने पुलिस की निगरानी में सेंध लगाते हुए मौके का फायदा उठाया और थाने से फरार हो गई। घटना के बाद पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था और अभिरक्षा प्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने तुरंत कार्रवाई करते हुए ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में प्रधान आरक्षक शिवराम ध्रुव, आरक्षक उमेश निषाद और महिला आरक्षक पूर्णिमा ठाकुर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही पूरे घटनाक्रम की विभागीय जांच के आदेश भी जारी किए गए हैं, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि आखिर इतनी बड़ी चूक कैसे हुई।
इधर, फरार महिला आरोपी की तलाश के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। अधिकारियों का दावा है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं, विभागीय जांच में यह भी पता लगाया जाएगा कि अभिरक्षा के दौरान सुरक्षा में किस स्तर पर लापरवाही हुई और इसके लिए कौन-कौन जिम्मेदार है।
यह घटना पुलिस व्यवस्था के लिए बड़ी चुनौती मानी जा रही है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि फरार आरोपी कब तक पुलिस की गिरफ्त में लौटती है और जांच में कौन-कौन से नए तथ्य सामने आते हैं।













