Categories

Recent Posts

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

02/07/2026

महिदपुर रोड में गूंजा धर्म का उल्लास: भगवान सुविधिनाथ के शिखर पर फहराई नई ध्वजा, हजारों श्रद्धालु बने ऐतिहासिक पल के साक्षी…

Spread the love


महिदपुर रोड |( कमलेश पाटीदार) गुरुवार का दिन महिदपुर रोड के लिए आस्था, श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा से भरपूर रहा। सुबह की पहली किरण के साथ ही नगर का वातावरण भक्तिमय हो उठा। हर ओर धार्मिक जयघोष, भक्ति गीत और मंत्रोच्चार की गूंज सुनाई दे रही थी। अवसर था भगवान सुविधिनाथ के पावन मंदिर के मुख्य शिखर पर नवीन धर्म ध्वजा चढ़ाने के भव्य आयोजन का, जिसने पूरे क्षेत्र को श्रद्धा के रंग में रंग दिया।

परम पूज्य साध्वी श्री सवेंग प्रिया श्रीजी म.सा. एवं ठाणा 6 की पावन निश्रा में आयोजित इस दिव्य कार्यक्रम में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रातः स्नात्र पूजा के बाद विधि-विधान से सत्तहभेदी महापूजन संपन्न हुई, जिसमें मधुर भक्ति संगीत और मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धालु भक्ति में पूरी तरह लीन नजर आए।

करीब तीन घंटे तक चले धार्मिक अनुष्ठान के बाद शुभ मुहूर्त में मंदिर के मुख्य शिखर पर नई धर्म ध्वजा विधिवत चढ़ाई गई। जैसे ही ध्वजा शिखर पर लहराई, पूरा मंदिर परिसर “ॐ पुण्याहं… ॐ प्रियंहताम…” के मंगलमय स्वरों से गूंज उठा। यह भावुक क्षण हर श्रद्धालु के लिए अविस्मरणीय बन गया।

इस पुण्य अवसर का मुख्य लाभ गादिया परिवार ने अपने स्वर्गीय परिजनों की पुण्य स्मृति में प्राप्त किया। वहीं राजेंद्र सूरीजी और पुण्य सम्राट आचार्य जयंत सेन सुरिश्वरजी की ध्वजाओं का लाभ भी विभिन्न परिवारों ने श्रद्धा के साथ लिया।

ध्वजारोहण के बाद सकल जैन श्रीसंघ की ओर से साधार्मिक वात्सल्य का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण कर धर्म लाभ अर्जित किया। समाज की ओर से लाभार्थी गादिया परिवार का सम्मान भी किया गया।

कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक दिनेश जैन बौस सहित महिदपुर रोड, महिदपुर सिटी और आसपास के जैन समाज के अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे। अंत में गादिया परिवार ने आयोजन में शामिल सभी श्रद्धालुओं और अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

धर्म, श्रद्धा और सेवा का यह भव्य संगम महिदपुर रोड के लिए लंबे समय तक यादगार बना रहेगा।


Spread the love