धरमजयगढ़ में युवती से छेड़छाड़ का विरोध करना पड़ा भारी, बीच-बचाव करने पहुंचे युवक पर चाकू से हमला, आरोपी गिरफ्तार…
रायगढ़। धरमजयगढ़ में एक युवती से कथित छेड़छाड़ का मामला उस समय हिंसक हो गया, जब बीच-बचाव करने पहुंचे युवक पर आरोपी ने चाकू से हमला कर दिया। घायल युवक को गंभीर चोटें आईं। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, 19 वर्षीय युवती पिछले कुछ महीनों से धरमजयगढ़ में किराये के मकान में रहकर मजदूरी कर रही है। 30 जून की शाम वह अपनी सहेली के साथ निर्माण स्थल पर काम कर रही थी। इसी दौरान एक युवक वहां पहुंचा और युवती से मोबाइल नंबर मांगने लगा। युवती द्वारा मना करने पर उसने कथित रूप से छेड़छाड़ शुरू कर दी।
घटना से घबराई सहेली ने अपने जीजा को मौके पर बुलाया। उन्होंने आरोपी को समझाने और विवाद शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी वहां से चला गया। कुछ देर बाद वह चाकू लेकर वापस लौटा और गुस्से में युवक पर हमला कर दिया। हमले में युवक के पेट और सीने में गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
पीड़िता की शिकायत के आधार पर धरमजयगढ़ थाना पुलिस ने छेड़छाड़, हत्या के प्रयास सहित अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपना जुर्म स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया गया।
रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं के खिलाफ अपराध और ऐसे मामलों में हिंसा करने वालों के प्रति सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस का कहना है कि महिलाओं की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।













