फोन पर बुलाकर खेत में ले गए, फिर तीन युवकों ने किया सामूहिक दुष्कर्म; कपड़े तालाब में फेंके, तीनों आरोपी गिरफ्तार….
बिहार। बिहार के नालंदा जिले से महिलाओं की सुरक्षा को झकझोर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि एक विधवा महिला को परिचित युवक ने फोन कर मिलने के बहाने सुनसान इलाके में बुलाया। वहां पहले से मौजूद उसके दो साथियों के साथ मिलकर महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। वारदात के बाद आरोपियों ने पीड़िता के कपड़े पास के तालाब में फेंक दिए और उसे असहाय हालत में छोड़कर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, पीड़िता नगरनौसा क्षेत्र की रहने वाली है और उसका परिचय चंडी थाना क्षेत्र के लक्ष्मी बिगहा निवासी एक युवक से था। आरोप है कि 30 जून की शाम युवक ने मिलने के लिए बुलाया और उसे लक्ष्मी बिगहा व रामपुर के बीच स्थित मक्के के खेत की ओर ले गया। वहां उसके दो अन्य साथी पहले से मौजूद थे। इसके बाद तीनों ने मिलकर महिला के साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया।
पीड़िता के अनुसार, घटना के बाद आरोपी उसके कपड़े तालाब में फेंककर मौके से फरार हो गए। किसी तरह उसने पास में मिले एक गमछे से खुद को ढका और खेत से निकलकर सड़क तक पहुंची। रेलवे क्रॉसिंग के पास एक राहगीर ने उसकी स्थिति देखकर तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही डायल-112 और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पीड़िता को सुरक्षित थाने लाया गया, जहां उसकी शिकायत दर्ज कर मेडिकल परीक्षण कराया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में नामजद तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। उनसे पूछताछ की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। सभी आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पीड़िता को आवश्यक कानूनी और चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।













