NEET पेपर लीक के विरोध में रायपुर में युवाओं का प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग, सोनम वांगचुक के समर्थन में भी उठी आवाज…

रायपुर | आवाम की आवाज़ न्यूज़ (भुनेश्वर निराला )
देशभर में प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता को लेकर उठ रहे सवालों के बीच छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में रविवार को युवाओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। लगातार हो रहे कथित पेपर लीक मामलों के विरोध में छात्र-युवा संगठनों ने अंबेडकर चौक पर एकत्र होकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई।
बारिश के बीच भी प्रदर्शनकारियों का उत्साह कम नहीं हुआ। हाथों में तख्तियां और पोस्टर लिए युवाओं ने कहा कि बार-बार होने वाले पेपर लीक से लाखों मेहनती छात्रों का भविष्य दांव पर लग रहा है। उनका आरोप है कि परीक्षा प्रणाली में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं से युवाओं का भरोसा कमजोर हो रहा है।
प्रदर्शन के दौरान सोशल एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक के समर्थन में भी नारे लगाए गए। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि शिक्षा व्यवस्था में सुधार, निष्पक्ष परीक्षाएं और युवाओं के भविष्य की सुरक्षा जैसे मुद्दों पर सरकार को गंभीरता से कदम उठाने चाहिए।
युवाओं ने मांग की कि पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए और भर्ती व प्रवेश परीक्षाओं को पूरी तरह पारदर्शी तथा जवाबदेह बनाया जाए। उनका कहना है कि परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए ठोस और स्थायी सुधार जरूरी हैं।
प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात रहा। पूरे कार्यक्रम के दौरान माहौल शांतिपूर्ण रहा और किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। छात्र संगठनों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।
















