अपोलो अस्पताल पर कांग्रेस का सख्त रुख, कलेक्टर की मौजूदगी में हुई हाई लेवल बैठक… प्रबंधन ने मानी कमियां, जल्द होंगे बड़े बदलाव…

एम्बुलेंस से लेकर इलाज की गुणवत्ता तक उठे सवाल, नई हाईटेक एम्बुलेंस और स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार का मिला आश्वासन
बिलासपुर। अपोलो अस्पताल में लगातार सामने आ रही उपचार संबंधी शिकायतों और स्वास्थ्य सेवाओं पर उठ रहे सवालों के बीच शुक्रवार को जिला प्रशासन की मौजूदगी में अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला कांग्रेस कमेटी के प्रतिनिधियों, कलेक्टर संजय अग्रवाल, एसपी रजनेश सिंह और अस्पताल प्रबंधन ने मरीजों की सुरक्षा, चिकित्सा सुविधाओं और आपातकालीन सेवाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की।
बैठक से पहले कांग्रेस ने अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए सात दिनों के भीतर व्यवस्थाओं में सुधार की चेतावनी दी थी। इसके बाद प्रशासन की पहल पर हुई बैठक में अस्पताल प्रबंधन ने कई कमियों को स्वीकार करते हुए सुधारात्मक कदम उठाने का भरोसा दिया।
जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष विजय केसरवानी ने कहा कि अस्पताल में इलाज के दौरान लापरवाही की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं, जिससे मरीजों और उनके परिजनों में चिंता बढ़ी है। उन्होंने अस्पताल की सभी एम्बुलेंसों को पूरी तरह चालू हालत में रखने, आवश्यक चिकित्सा उपकरणों को कार्यशील बनाने और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग रखी।
शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा ने बताया कि अस्पताल प्रबंधन ने नई अत्याधुनिक एम्बुलेंस का ऑर्डर दे दिया है, जो अगले 15 से 20 दिनों में सेवा में शामिल हो जाएगी। इसके अलावा मरीजों की सुविधा के लिए अस्पताल परिसर में काउंसलर डेस्क स्थापित करने का प्रस्ताव भी रखा गया, ताकि सही विभाग और डॉक्टर तक पहुंच आसान हो सके।
बैठक में एयर एम्बुलेंस से जुड़े प्रोटोकॉल, गंभीर मरीजों के त्वरित उपचार और अस्पताल में नई चिकित्सा मशीनों की उपलब्धता पर भी चर्चा हुई। प्रबंधन ने बताया कि कई आधुनिक उपकरण लगाए जा चुके हैं और कुछ नई मशीनें जल्द स्थापित की जाएंगी, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और बेहतर होगी।
कांग्रेस प्रतिनिधियों ने आयुष्मान भारत योजना के तहत गंभीर बीमारियों के इलाज का दायरा प्रभावी ढंग से लागू करने की मांग भी उठाई। इस पर अस्पताल प्रबंधन ने सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया।
बैठक के अंत में कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि यदि तय समय सीमा में अस्पताल की व्यवस्थाओं में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ, तो जनहित में आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
आवाम की आवाज़ न्यूज़ लगातार इस मुद्दे पर नजर बनाए हुए है। मरीजों की सुरक्षा और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े हर अपडेट के लिए हमारे साथ जुड़े रहें।

















