सारंगढ़ बिलाईगढ़ जिले के ग्राम पंचायत डोमाडीह और झिलगीटार खेत की बीच अचानक धसी जमीन 15 फिट गड्ढा ग्रामीणों में दहशत पढ़े पूरी ख़बर …

सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले के सारंगढ़ विकासखंड के ग्राम डोमाडीह और झिलगीटार के बीच स्थित एक कृषि भूमि में सोमवार सुबह अचानक जमीन धंस जाने से बड़ा गड्ढा बन गया। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए।
स्थानीय लोगों के अनुसार, सुबह किसान जब खेत पहुंचे तो उन्होंने देखा कि खेत का एक हिस्सा अचानक धंस चुका है। मौके पर लगभग 10 फीट गहरा और 15 फीट चौड़ा गड्ढा बन गया था। घटना को लेकर ग्रामीणों में आश्चर्य के साथ-साथ चिंता भी है। उनका कहना है कि यदि रात के समय कोई व्यक्ति या मवेशी वहां से गुजरता, तो गंभीर हादसा हो सकता था।
ग्रामीणों ने बताया कि गड्ढे के आसपास की जमीन में भी दरारें दिखाई दे रही हैं, जिससे आगे और धंसाव की आशंका जताई जा रही है। घटना की जानकारी फैलते ही लोगों ने मौके की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किए, जो तेजी से वायरल हो रहे हैं।
बताया जा रहा है कि यह खेत झिलगीटार के एक किसान का है। ग्रामीणों का कहना है कि इस स्थान पर पहले कभी इस तरह की घटना नहीं हुई। फिलहाल प्रशासन की ओर से धंसाव के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
ग्राम पंचायत डोमाडीह के सरपंच रूपेश चौहान ने बताया कि सुबह घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और संबंधित विभागों को अवगत कराया गया। उन्होंने प्रशासन से पूरे क्षेत्र का तकनीकी सर्वे कराने, धंसाव के कारणों की जांच करने और सुरक्षा के लिए गड्ढे के आसपास बैरिकेडिंग कराने की मांग की है।
विशेषज्ञों के अनुसार, इस प्रकार की घटनाएं जमीन के भीतर खाली स्थान बनने, भूजल के बहाव, मिट्टी के कटाव या अन्य प्राकृतिक भू-वैज्ञानिक कारणों से हो सकती हैं। हालांकि इस मामले में वास्तविक कारण जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।
फिलहाल यह घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है और ग्रामीण प्रशासन से जल्द जांच कर आवश्यक सुरक्षा उपाय करने की मांग कर रहे हैं।
















