Categories

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

06/07/2026

बारिश में बिजली से रहें सतर्क: करंट हादसों से बचाव के लिए बिजली कंपनी की एडवाइजरी जारी…

Spread the love


बिजली के खंभों, टूटे तारों और ट्रांसफार्मरों से रहें दूर, किसी भी खराबी की सूचना तुरंत 1912 पर दें


कोरबा, 6 जुलाई 2026।

बारिश का मौसम शुरू होते ही बिजली से होने वाली दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है।

इसे देखते हुए छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड ने आम नागरिकों के लिए सुरक्षा एडवाइजरी जारी करते हुए विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।

कंपनी ने कहा है कि थोड़ी-सी लापरवाही भी गंभीर हादसे का कारण बन सकती है।


इन बातों का रखें विशेष ध्यान
बारिश के दौरान बिजली के खंभों, ट्रांसफार्मरों और विद्युत तारों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें।


कहीं भी बिजली का तार टूटा हुआ दिखाई दे तो उसके पास न जाएं और तुरंत टोल-फ्री नंबर 1912, ‘मोर बिजली’ ऐप या निकटतम वितरण केंद्र को सूचना दें।


जहां बिजली के तार या उपकरण हों, वहां भरे पानी में चलने या तैरने से बचें, क्योंकि पानी में करंट फैल सकता है।
बिजली के उपकरणों का उपयोग हमेशा सूखे हाथों से करें तथा रबर या प्लास्टिक के जूते-चप्पल पहनें।


क्या न करें
खेत या बाड़ी की बाड़ में बिजली प्रवाहित न करें। यह अवैध होने के साथ जानलेवा भी है।


बिजली की लाइन या ट्रांसफार्मर में खराबी आने पर स्वयं सुधार करने का प्रयास न करें।
बिजली की लाइनों के नीचे या आसपास निर्माण कार्य न करें।


बिजली के खंभों या स्टे वायर पर कपड़े न सुखाएं।
कटे-फटे तारों से अस्थायी कनेक्शन न लें और बिजली की हुकिंग बिल्कुल न करें।


बच्चों को बिजली के उपकरणों और लाइनों के आसपास खेलने से रोकें।


यदि किसी को करंट लग जाए तो क्या करें?
सबसे पहले मुख्य स्विच बंद कर बिजली का प्रवाह रोकें।


यदि स्विच बंद करना संभव न हो तो सूखी लकड़ी, सूखी रस्सी या सूखे कपड़े की सहायता से पीड़ित को बिजली के स्रोत से अलग करें।


पीड़ित को सीधे हाथ से न छुएं।
सुरक्षित स्थान पर लिटाकर प्राथमिक उपचार दें और तुरंत अस्पताल पहुंचाएं।


बिजली गुल होने पर घबराएं नहीं
छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड, बिलासपुर क्षेत्र के कार्यपालक निदेशक ए.के. अंबस्थ ने कहा कि आंधी-तूफान और बारिश के दौरान बिजली व्यवस्था बनाए रखना चुनौतीपूर्ण होता है।

ऐसे में बिजली आपूर्ति बाधित होने पर उपभोक्ता 5 से 10 मिनट इंतजार करें और आवश्यकता पड़ने पर टोल-फ्री नंबर 1912 पर शिकायत दर्ज कराएं।

साथ ही, सुधार कार्य में लगे कर्मचारियों का सहयोग करें और बिजली के उपकरणों से किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ न करें।


बिजली कंपनी ने नागरिकों से अपील की है कि बारिश के मौसम में सावधानी बरतें, ताकि करंट से होने वाली दुर्घटनाओं को रोका जा सके और जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।


Spread the love